BJP Rajasthan News: यूपी चुनाव से पहले भाजपा महिला मोर्चा का जागरण अभियान
मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं के दल को किया रवाना, योगी के कार्यों से जनता को कराएंगी अवगत
जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। उत्तर प्रदेश चुनावों के मध्य नजर जागरण अभियान चलाने के लिए भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का एक दल रवाना हुआ । इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास को नई दिशा देने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, औद्योगिक विकास और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। ऐसे में हमारी बहनें योगी सरकार की जनहितैषी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हुई है। यूपी में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक दशक पूर्व की स्थिति और आज की स्थिति में काफी बदलाव आया है। योगी सरकार ने गुंडाराज समाप्त करने और आमजन के आत्मसम्मान एवं सुरक्षा की रक्षा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, फ्लाईओवर और पुलों का निर्माण के साथ औद्योगिक विकास को गति मिली है तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। पहले उत्तर प्रदेश के लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करते थे, लेकिन अब यूपी में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि ये बहनें वहां जाकर जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को योगी सरकार के विकास कार्यों, सुशासन और सुरक्षा व्यवस्था में आए बदलावों से अवगत कराएंगी। पार्टी के अन्य कार्यकर्ता भी पंजाब सहित विभिन्न राज्यों में जाकर संगठन का पक्ष मजबूती से रखेंगे।
भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कहा कि एक समय राजस्थान को कांग्रेस शासन में महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से चुनौतीपूर्ण प्रदेश माना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर आमजन में विश्वास कायम किया है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में भी वर्ष 2017 से पहले कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, मंत्री डॉ अपूर्वा सिंह, कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ उपस्थित रहे।
Comments