Shrikaranpur Municipality News: श्रीकरणपुर नगरपालिका ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम
बेस्ट इनोवेटिव आइडिया में यातायात पार्क को देशभर में प्रथम स्थान, 17 नवंबर को देहरादून में मिलेगा सम्मान
श्रीगंगानगर (सच कहूँ ब्यूरो)। जिले की श्रीकरणपुर नगरपालिका द्वारा विकसित यातायात एवं सड़क सुरक्षा पार्क को भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के नेशनल अर्बन लर्नोथॉन प्लेटफॉर्म के तहत बेस्ट इनोवेटिव आइडिया श्रेणी में देशभर की नगरपालिकाओं में प्रथम स्थान के लिए विजेता घोषित किया गया है। 17 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के देहरादून में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू द्वारा नगरपालिका को सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से श्रीकरणपुर के साथ पूरे श्रीगंगानगर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
श्रीकरनपुर नगरपालिका ईओ संदीप बिश्नोई ने बताया कि जनवरी 2025 में सड़क सुरक्षा माह की थीम ‘परवाह’ के तहत नगरपालिका परिसर में स्थित पार्क को यातायात पार्क के रूप में विकसित किया गया था। इसकी खासियत यह है कि नगरपालिका के पुराने कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग कर इसे बेहद कम लागत में तैयार किया गया।
पार्क में यातायात संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क की सफेद-पीली लाइनें, जागरूकता स्लोगन, पेंटिंग एवं यातायात नियमों की जानकारी प्रदर्शित की गई है। साथ ही दुर्घटनाओं के दुष्परिणाम समझाने के लिए दुर्घटनाग्रस्त कार का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया गया है। देशभर से प्राप्त 201 श्रेष्ठ नवाचार प्रविष्टियों में इस पार्क को सर्वाधिक प्रभावी नवाचार के रूप में चुना गया। यहां स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को भ्रमण करवाकर यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है। उल्लेखनीय है कि नगरपालिका श्रीकरणपुर ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की फीडबैक श्रेणी में भी पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया था तथा इसके लिए माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा सम्मानित हो चुकी है।
Comments