Army Soldier Death: ड्यूटी पर लौट रहे सेना के हवलदार की संगरिया सड़क हादसे में मौत
भारतमाला रोड पर मिला शव, टोल नाके के पास वाहन से उतरकर कहीं चले जाने की मिली थी सूचना
Army Soldier Ranjith KV Death: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर लौट रहे भारतीय सेना के एक हवलदार की संगरिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान केरल निवासी 38 वर्षीय रणजीथ केवी पुत्र उदय कुमार के रूप में हुई है, जो सेना की 173 इंजीनियर रेजिमेंट (टीए) में हवलदार के पद पर तैनात थे। हादसे की सूचना मिलने पर उनका शव संगरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर संगरिया थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई रजूब निवासी केरल ने संगरिया थाने में रिपोर्ट दी कि उनका भाई रणजीथ केवी बेंगलुरु स्थित मद्रास इंजीनियर सेंटर में 8 जुलाई से 13 अक्टूबर 2026 तक कोर्स करने आया हुआ था। इसके बाद वह छुट्टी लेकर अपने घर चला गया था। रणजीथ के साथ सेना का एक अन्य जवान सुगेश भी कोर्स में शामिल था।
रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवम्बर को रणजीथ और सुगेश अपने-अपने घरों से निजी वाहन के जरिए जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर लौटने के लिए रवाना हुए थे। 10 नवम्बर की रात रणजीथ की भाभी ने फोन कर उनके भाई को बताया कि सुगेश ने सूचना दी है कि वह संगरिया थाना क्षेत्र में भारतमाला रोड स्थित टोल नाके के पास खड़ा है। रणजीथ गाड़ी से उतरकर कहीं चले गए हैं और बार-बार फोन करने के बावजूद उनका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद भाई ने रणजीथ से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
उसने सेना में रणजीथ की कंपनी के सूबेदार मेजर को घटना की जानकारी देकर संबंधित पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया। कुछ समय बाद सेना की कंपनी से सूचना मिली कि रणजीथ की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है और उनका शव संगरिया सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिवादी ने अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक वीर सिंह को सौंपी गई है।
Comments