Hanumangarh Crime News: घर में घुसकर युवक पर छुरी और लोहे की रॉड से हमला, सिर फोड़ा
महिला ने बेटों को ललकारते हुए कहा-इसे खत्म कर दो, बीच-बचाव करने आए माता-पिता को भी पीटा
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। टाउन थाना क्षेत्र के गांव फतेहगढ़ खिलेरीबास में रंजिश के चलते एक युवक के घर में घुसकर उस पर छुरी और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला अपने दो बेटों के साथ युवक के घर में घुसी और तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए युवक के माता-पिता को भी मारपीट कर घायल कर दिया। टाउन थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट और चोटों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फतेहगढ़ खिलेरीबास निवासी 35 वर्षीय सुभाष पुत्र रामेश्वरलाल जाट ने रिपोर्ट दी कि 11 नवम्बर की रात करीब 7.30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान इन्द्रा पत्नी छिन्द्रपाल वाल्मीकि अपने बेटों विक्की और धौलू के साथ एकराय होकर उसके घर में घुस आई। धौलू के हाथ में छुरी तथा इन्द्रा और विक्की के हाथों में लोहे की रॉड थी। तीनों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवादी के अनुसार, वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही इन्द्रा ने अपने बेटों को ललकारते हुए कहा कि यह रहा, इसे खत्म कर दो। इसके बाद तीनों ने उस पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड सिर पर लगने से उसका सिर फट गया और वह नीचे गिर पड़ा। शोर सुनकर उसकी पत्नी ममता, माता परमेश्वरी और पिता रामेश्वर बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इससे माता-पिता के हाथ, पैर और सिर पर चोटें आईं। पिता के हाथ-पैर और पीठ पर अंदरूनी चोटें लगी।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद घायल सुभाष और उसके माता-पिता रात को राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां सुभाष और उसकी माता को भर्ती रखा गया। उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर सुभाष ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल मुरारीलाल कर रहे हैं।
Comments