विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप

विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: गांव नंगलाराई में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जबरन जहर देकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए है। मृतका के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कस्बे के मोहल्ला खैलकलां निवासी आमिल ने कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि उसकी बहन शीबा की शादी क्षेत्र के गांव नंगलाराई(खेड़ा) निवासी अहमद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने के ताने देकर उसकी बहन का उत्पीड़न करते थे। उसका बहनोई अहमद करीब चार वर्षों से सऊदी अरब में रह रहा है। आरोप है कि वह पत्नी के भरण-पोषण के लिए खर्च तक नहीं भेजता था। फोन पर बातचीत के दौरान वह भी शीबा के साथ में गाली-गलौज करता था और मायके चले जाने का दबाव बनाता था। ऐसा नहीं करने पर जहर देकर जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि 10 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसकी बहन को सास-ससुर और ननद ने जबरन जहर दे दिया।

घटना की सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ में बहन की ससुराल पहुंचा। जहां पर उसकी हालत नाजुक मिली। गंभीर हालत में शीबा को शामली के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। दो दिन तक उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। 12 नवंबर को उसकी बहन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। युवक का दावा है कि शीबा ने स्वयं परिजनों को ससुरालियों द्वारा जबरन जहर दिए जाने की बात बताई थी। पीड़ित युवक ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts