बहनों के नाम 15 बीघा जमीन और मकान... तो भाइयों में क्यों मचा घमासान? पंचायत के फैसले ने बढ़ाया विवाद!

पहले एक बेटी के नाम वसीयत, फिर दूसरी के नाम गिफ्ट डीड, संपत्ति को लेकर परिवार आमने-सामने

Published On

बड़ौत, सच कहूँ/डॉ संदीप दहिया। Baraut News: पिता की संपत्ति बेटियों के नाम होने से परिवार में विवाद गहरा गया है। 15 बीघा कृषि भूमि, 700 गज का मकान और 700 गज के घेर की गिफ्ट डीड को लेकर भाइयों की नाराजगी के बीच मामला अब गांव की पंचायत तक पहुंच गया है। पहले एक बेटी के नाम वसीयत और फिर दूसरी बेटी के नाम गिफ्ट डीड किए जाने से परिवार में तनाव बढ़ गया है। गुरुवार को हुई पंचायत में ऐसा फैसला लिया गया, जिसके बाद अब मामला 84 चौधरी और खाप पंचायत तक पहुंचने जा रहा है।

मामला फतेहपुर पुट्ठी गांव का है। जानकारी के अनुसार बलजोर सिंह की तीन बेटियां ममता, कुलदीप और गुड्डी हैं, जबकि दो बेटे साहब सिंह और सुधीर उर्फ गुड्डू हैं। साहब सिंह दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि सुधीर डीटीसी में नौकरी करते हैं। ममता बड़ौत में रहती हैं और वर्तमान में माता-पिता भी उनके साथ रह रहे हैं।

बताया गया है कि बलजोर सिंह ने फरवरी 2024 में अपनी संपत्ति की वसीयत बेटी कुलदीप के नाम की थी। इसके बाद 24 फरवरी 2026 को उन्होंने 15 बीघा कृषि भूमि, 700 गज का मकान और 700 गज का घेर बेटी ममता के नाम गिफ्ट डीड कर दिया। इसी को लेकर भाइयों की नाराजगी और पारिवारिक विवाद गहरा गया।

इस मामले को सुलझाने के लिए पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। गुरुवार को थाम्बेदारों की पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। इसके बाद सर्वसम्मति से एक समिति गठित की गई, जो 84 चौधरी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराएगी। इसके बाद खाप पंचायत बुलाकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

पंचायत का फैसला बना चर्चा का विषय

पंचायत में निर्णय लिया गया कि विवादित संपत्ति को गांव का कोई भी व्यक्ति नहीं खरीदेगा और न ही किसी बाहरी व्यक्ति को खरीदने दिया जाएगा। जब तक खाप स्तर पर मामले का निस्तारण नहीं होता, तब तक संपत्ति की खरीद-फरोख्त नहीं होने देने की बात कही गई।

पंचायत की अध्यक्षता यशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन अलबेल सिंह ने किया। इस दौरान रत्न सिंह, देवेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, महेशपाल सिंह, मधु, मंजू प्रधान, लोकेंद्र, बबलू, राजन और ऋषिपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts