शिकोहाबाद में JCB के आगे बच्चों को लेकर लेटीं महिलाएं, आत्मदाह की चेतावनी से मचा हड़कंप; 10 दिन टली कार्रवाई
एसडीएम, एएसपी, ईओ के अलावा कई थानों पर पुलिस बल रहा मौजूद
फिरोजाबाद, सच कहूँ न्यूज़। Firozabad News: शिकोहाबाद में तहसील तिराहे के समीप स्थित गिहार बस्ती में मंगलवार दोपहर को उस समय हंगामे की स्थिति पैदा हो गई, जब न्यायालय के आदेश पर जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस और कोर्ट अमीन को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई का विरोध कर रहीं महिलाएं अपने बच्चों को लेकर जेसीबी के सामने लेट गईं। महिलाओं ने जबरन मकान खाली कराए जाने पर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक टीम को कार्रवाई रोकनी पड़ी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने लोगों को 10 दिन की मोहलत देकर फिलहाल कार्रवाई टाल दी। इस मौके पर एसडीएम , एएसपी, ईओ के अलावा शिकोहाबाद , जसराना समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
मंगलवार दोपहर न्यायालय अमीन रामप्रवेश यादव दखल संबंधी आदेश का पालन कराने के लिए पुलिस बल के साथ गिहार बस्ती पहुंचे थे। उनके साथ एसडीएम राजेश शुक्ला, एएसपी (सीओ शिकोहाबाद ) जयविंद गुप्ता, शिकोहाबाद थाना प्रभारी अनुज कुमार ,, नगर पालिका ईओ राजकुमार चौधरी के अलावा जसराना थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर, मक्खनपुर थानाध्यक्ष चमन शर्मा, फरिहा थानाध्यक्ष, नसीरपुर थाना प्रभारी, नगला खंगर पुलिस और महिला थाने का पुलिस फोर्स मौजूद था। जमीन खाली कराने के लिए जेसीबी भी मौके पर बुलाई गई थी।
वहीं मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना था कि वे लंबे समय से यहां अपने परिवारों के साथ रह रही हैं। उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। यदि उनके मकान तोड़ दिए गए तो परिवार और बच्चों को लेकर कहां जाएंगे। इसी दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर जेसीबी के सामने लेट गईं। बताया गया कि बस्ती में करीब 20 परिवार जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमीन पर दखल लेने की कार्रवाई की जा रही थी। हालांकि महिलाओं के विरोध और जेसीबी के आगे लेट जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस और अमीन की टीम को बिना कब्जा लिए वापस लौटना पड़ा।
Comments