शिक्षा और रोजगार
Farmer News: पन्नीवाला किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 15 साल पुरानी समस्या से मिलेगी राहत
2 करोड़ 2 लाख की लागत बनाया जा रहा है फसल खरीद केंद्र
Farmer News: ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। गांव पन्नीवाला मोटा में पिछले 15 वर्षों से चली आ रही समस्या का अब समाधान होने जा रहा है। रबी सीजन में सरसा-संगरिया मार्ग पर गेहूं के ढेर लगने से होने वाली परेशानी से किसानों और वाहन चालकों को जल्द निजात मिलेगी। गांव में 2 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से फसल खरीद केंद्र का निर्माण करवाया जा रहा है।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे आगामी रबी सीजन से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दरअसल गांव में फसल रखने के लिए उचित स्थान नहीं होने के कारण किसान पिछले करीब 15 वर्षों से गेहूं की फसल सड़क किनारे डालने को मजबूर थे। हाईवे से प्राथमिक पाठशाला तक करीब दो किलोमीटर सड़क की एक तरफ गेहूं के ढेर लगे रहते थे। इससे मार्ग संकरा होकर वन-वे हो जाता था और सीजन के दौरान जाम की स्थिति बनी रहती थी। वहीं, सड़क पर फसल रखे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता था। किसानों की लंबे समय से यहां स्थायी फसल खरीद केंद्र बनाने की मांग थी।
पंचायत के प्रयासों से मिली मंजूरी
इस समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत ने गौशाला के पीछे स्थित चार एकड़ पंचायती जमीन का प्रस्ताव पारित कर मार्केट कमेटी को भेजा। पंचायत के प्रयासों के बाद सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की और फसल खरीद केंद्र के निर्माण के लिए 2.02 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की। स्थानीय लोगों की मांग पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2025 में अपने सरसा दौरे के दौरान इसकी घोषणा की थी।
रबी सीजन से पहले पूरा होगा निर्माण
मार्केट कमेटी के एसडीओ विनोद कुमार ने बताया कि फसल खरीद केंद्र का निर्माण अंतिम चरण में है। फिलहाल लाइट और फर्श बनाने का कार्य शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। रबी की फसल आने से पहले खरीद केंद्र तैयार करने का प्रयास है।
किसानों और वाहन चालकों दोनों को मिलेगी राहत
गांव की सरपंच मंजू बाला बेनीवाल ने बताया कि करीब 15 वर्षों से किसान सड़क किनारे गेहूं डालने को मजबूर थे। इससे फसल की सुरक्षा और उठान के साथ-साथ आवागमन में भी परेशानी होती थी। फसल खरीद केंद्र बनने से गांव और आसपास के किसानों को अपनी उपज रखने व बेचने के लिए उचित स्थान मिलेगा। साथ ही सड़क पर लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका से भी राहत मिलेगी।
Comments