शिक्षा और रोजगार
Sri Gurusar Modia News: खेल प्रतिभाओं के सम्मान से गूंजा शाह सतनाम जी गर्ल्ज कॉलेज का परिसर
रजत पदक विजेता मैताली व प्रतिभागी रेखा का भव्य स्वागत
गोलूवाला (सुरेन्द्र गुम्बर) शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज श्रीगुरुसर मोडिया में राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ियों के आगमन पर उत्साह एवं उल्लास का माहौल रहा। 46वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप (46th NTPC Junior National Archery Championship) में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर लौटी रजत पदक विजेता मैताली एवं प्रतिभागी रेखा का महाविद्यालय परिसर में पुष्पमालाएं पहना पुष्पवर्षा कर बड़े ही गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं दोनों खिलाड़ियों महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा आकर्षक उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि मैताली ने उक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिता के व्यक्तिगत एलिमिनेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया था। वहीं रेखा ने भी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया था। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. नवजोत कौर गिल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्राओं की खेल उपलब्धियां संस्थान के लिए गौरव का विषय हैं। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और दृढ़ संकल्प विकसित करने का सशक्त साधन भी हैं।
उन्होंने रेखा की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के माता-पिता का अभिनंदन करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह ने छात्राओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा एवं प्रेरणा का संचार किया।
Comments