शिक्षा और रोजगार
Hanumangarh Election News: ईवीएम की गड़बड़ियों ने कई बूथों पर रोकी वोटिंग की रफ्तार
दोपहर एक बजे तक 43.80 प्रतिशत मतदान; 753 केंद्रों पर कड़ा सुरक्षा पहरा
Hanumangarh Panchayat Elections: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को जिले की छह पंचायत समितियों भादरा, नोहर, राजपुरा (8 बीएचडी), हनुमानगढ़ जंक्शन, पल्लू एवं पीलीबंगा में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक चलेगी। जिले के 753 मतदान केंद्रों पर मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर एक बजे तक 43.80 प्रतिशत मतदान
जिले की छह पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 32 हजार 574 मतदाता हैं। सुबह 10 बजे तक 1 लाख 52 हजार 41 मतदाताओं ने मतदान किया। इस तरह मतदान प्रतिशत 20.75 रहा। वहीं, दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 43.80 हो गया। पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत भादरा में 46.65, हनुमानगढ़ जंक्शन में 45.89, नोहर में 45.09, पल्लू में 39.90, पीलीबंगा में 42.84 तथा राजपुरा (8 बीएचडी) में 42.41 प्रतिशत दर्ज किया गया।

तीन स्थानों पर ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित
मतदान के दौरान डबली राठान के बूथ संख्या 44 पर ईवीएम की कंट्रोल यूनिट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते मतदान शुरू होने में देरी हुई और मतदाता मशीन ठीक होने का इंतजार करते रहे। नोहर क्षेत्र के फेफाना गांव स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के बूथ संख्या 150 पर भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हुई। मतदान रुकने से केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, नोहर के जबरासर गांव में बूथ संख्या 71 पर ईवीएम खराब होने से ग्रामीणों के अनुसार करीब चार घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने विधायक अमित चाचाण को मामले से अवगत करवाया। विधायक ने स्थानीय एवं उच्च अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ईवीएम बदली गई। नई मशीन लगने के बाद मतदान प्रक्रिया सुचारू हुई।
मोबाइल फोन लेकर पहुंचे मतदाताओं पर पुलिस की सख्ती
मतदान के दौरान पुलिस ने नियमों की पालना को लेकर सख्ती दिखाई। गोलूवाला, हनुमानगढ़ जंक्शन और पीलीबंगा सहित कई मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन लेकर पहुंचे मतदाताओं के फोन जब्त किए गए। मतदान केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध है। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदाताओं से शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग करने और निर्धारित नियमों की पालना करने की अपील की।
753 मतदान केंद्रों पर कड़ा सुरक्षा पहरा
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न करवाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले के सभी 753 मतदान केंद्रों पर दो-दो सुरक्षाकर्मियों के हिसाब से कुल 1506 जवान तैनात हैं। इसके अलावा 205 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर प्रत्येक स्थान पर एक उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक अथवा हेड कांस्टेबल के साथ तीन कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इस प्रकार यहां 820 पुलिसकर्मी अतिरिक्त सुरक्षा संभाल रहे हैं। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की 70 लोकेशन पर विशेष निगरानी के लिए 70 टीमों के माध्यम से 280 पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं, 72 मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं। पुलिस एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती के साथ एरिया मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने किया निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने पंडितावाली, जाखड़ावाली, लोंगेवाला, दुल्माना एवं पीलीबंगा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की।
मतदान समाप्ति के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज में जमा होंगी ईवीएम
मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को पुलिस सुरक्षा एवं मोबाइल पार्टियों की निगरानी में निर्धारित संग्रहण केंद्रों से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचाकर जमा करवाया जाएगा।
5 नवंबर को सरपंच-पंच के लिए मतदान
तीसरे चरण में शामिल इन्हीं छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में 5 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा। इसके अगले दिन उपसरपंच पद के लिए चुनाव होगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए ईवीएम से मतदान हो रहा है, जबकि सरपंच एवं पंच पदों के चुनाव बैलेट पेपर से होंगे।
Comments