शिक्षा और रोजगार
Brahma Kumaris Centre News: छात्राओं को बताया दीपावली का आध्यात्मिक महत्व
ब्रह्माकुमारी पाठशाला की ओर से 'आओ मनाएं दीपावली आनंद उत्सव' कार्यक्रम आयोजित
हनुमानगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जंक्शन की ओर से भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित राजकीय सावित्री बाई फुले महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास में मंगलवार को दीपावली के उपलक्ष्य में 'आओ मनाएं दीपावली आनंद उत्सव' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से दीप प्रज्वलन रहा।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी खुशबू बहन ने दीपावली का आध्यात्मिक महत्व समझाते हुए कहा कि दीपावली पर पांच दिन मिट्टी के दीपक जलाने और घरों को सजाने के साथ-साथ अपनी आत्मा की ज्योति भी जगानी चाहिए। मन के पांच विकारों रूपी गंदगी को साफ कर जीवन रूपी आंगन में खुशियों के सप्तरंग सजाना ही सच्ची दीपावली है। केवल पांच दिन नहीं, बल्कि पांच युगों तक आत्मिक प्रकाश और दिव्य गुणों से सम्पन्न जीवन जीना ही इस पर्व का वास्तविक संदेश है।
उन्होंने छात्राओं को राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत और सकारात्मक बनाने की प्रेरणा दी। छात्रावास संचालिका शीशपाल कौर ने भी सभी छात्राओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रतिदिन सुबह 15 मिनट और शाम 15 मिनट राजयोग मेडिटेशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित मेडिटेशन से मन में शांति, सकारात्मक सोच और व्यवहार में सुखद परिवर्तन अनुभव किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को बाहरी दीपों के साथ अपने अंतर्मन में भी ज्ञान, शांति और खुशियों का प्रकाश जगाने का संदेश दिया गया।
Comments