शिक्षा और रोजगार
Sri Ganganagar Blast News: श्रीगंगानगर में संदिग्ध धमाका, मचा हड़कंप
सीमेंट के दो पिलर टूटे; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
Sri Ganganagar Railway Track Blast: श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। राजस्थान के सीमावर्ती इलाके में रेलवे ट्रैक के पास हुई संदिग्ध विस्फोट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर गांव 50 जीबी के नजदीक मंगलवार देर रात तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। घटनास्थल की जांच में रेलवे पटरी के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त पाए गए। धमाके के प्रभाव से पिलरों के भीतर लगा लोहे का सरिया भी बाहर निकल आया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की दिशा में ट्रेन गुजरने के कुछ समय बाद यह घटना हुई। आवाज सुनाई देने पर आसपास के क्षेत्र में जांच की गई तो रेलवे ट्रैक के नीचे बने दोनों पिलर टूटे हुए मिले। घटना की जानकारी सामने आते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, एफएसएल टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पिलरों को नुकसान किस कारण से पहुंचा। पुलिस इसे सभी संभावित पहलुओं से जोड़कर देख रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए विशेष जांच टीम गठित करने की तैयारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहले आरडीएक्स बरामदगी के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी सीमावर्ती क्षेत्र में लगभग साढ़े सात किलोग्राम आरडीएक्स बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे में रेलवे ट्रैक के पास हुई ताजा घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमेंट के पिलर किन परिस्थितियों में टूटे और क्या इस घटना का रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की किसी कोशिश से संबंध है। फॉरेंसिक जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रेलवे मार्ग की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
Comments