दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आ रही महिला इंजीनियर से बदसलूकी, कैब चालक गिरफ्तार; फर्जी आईडी से चला रहा था गाड़ी

गुरुग्राम में किराये को लेकर हुआ था विवाद

Published On

गुरुग्राम सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा। दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आ रही महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ बदसलूकी करने और उसे बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने कैब चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नूंह जिले के घासेड़ा गांव निवासी यासिर (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उबर ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर कैब चला रहा था। पूछताछ में उसने महिला को परेशान करने की बात स्वीकार की है।

पीड़िता तनीषा ने 26 अक्तूबर को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से गुरुग्राम के लिए कैब बुक की थी। ऐप पर किराया 625 रुपये दिखाया गया था। आरोप है कि यात्रा पूरी होने पर चालक ने रैपिडो ऐप का स्क्रीनशॉट दिखाकर 1,479 रुपये मांगे। तनीषा ने 625 रुपये का भुगतान किया तो चालक ने कार लॉक कर दी और सामान निकालने से रोक दिया। आरोप है कि उसने महिला का हाथ मरोड़ा, गाली-गलौज की और घर के गेट पर चढ़कर जान से मारने की धमकी भी दी।

तनीषा की पोस्ट पर गुरुग्राम पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने संज्ञान लिया। इसके बाद पालम विहार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की संयुक्त टीम ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि यासिर उबर ऐप पर जाहिद खान के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर कैब चला रहा था। पुलिस अब पता लगा रही है कि उसने फर्जी आईडी कैसे बनाई और क्या वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts