नाला पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराने और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग
नाला पटरी को अतिक्रमण मुक्त कराने और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: शामली शहर के दयानन्द नगर स्थित नाला पटरी पर अतिक्रमण और स्पीड ब्रेकर की कमी के कारण स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर गली नंबर-3, नाला पटरी निवासी मोनू शर्मा एडवोकेट ने जिलाधिकारी शामली को प्रार्थना-पत्र देकर नाला पटरी से अतिक्रमण हटवाने और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। डीएम शामली आलोक यादव को दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताया गया है कि शामली के दयानन्द नगर स्थित नाला पटरी पर काफी अतिक्रमण हो गया है। इसके कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराना और यातायात सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाना बेहद जरूरी है।
पत्र में बताया कि नाला पटरी मार्ग यातायात की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। कैराना और दिल्ली की ओर से आने-जाने वाले चार पहिया वाहन तथा बाइक चालक कम दूरी तय करने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल बाईपास के रूप में करते हैं। यह मार्ग दिल्ली-सहारनपुर मार्ग और कैराना-पानीपत-खटीमा मार्ग को मेरठ-करनाल हाईवे से भी जोड़ता है। इसी वजह से इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर अतिक्रमण और स्पीड ब्रेकर की कमी वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकती है। उक्त नाला सिंचाई विभाग का है। यदि नगरपालिका परिषद शामली सिंचाई विभाग से आवश्यक अनुमति लेकर नाले को ढकने और उसके ऊपर सड़क निर्माण कराने की व्यवस्था करती है, तो इससे क्षेत्र की कई समस्याओं का समाधान हो सकता है।
खुले नाले के कारण आसपास के लोगों को गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। नाले को ढककर सड़क का निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सकती है। साथ ही, आसपास के इलाके में साफ-सफाई की स्थिति बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। नाले को ढककर उसके ऊपर सड़क बनाने से एक वैकल्पिक मार्ग विकसित हो सकता है, जिसका इस्तेमाल वाहन चालक शहर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचने के लिए कर सकेंगे। पत्र में प्रशासन से मांग की गई है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर नाला पटरी से अतिक्रमण हटवाया जाए तथा यातायात की स्थिति का आकलन करने के बाद आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं। इसके अलावा, सिंचाई विभाग से अनुमति लेकर नाले को ढकने और उसके ऊपर सड़क निर्माण कराने की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाए।
Comments