बिजली चोरी की जांच करने गई टीम से मारपीट, एक गिरफ्तार
कर्मचारियों को दी थी जान से मारने की धमकी
नारनौल, सच कहूँ न्यूज। Narnaul News: महेंद्रगढ़ जिले के गांव सिसोठ में बिजली चोरी की जांच करने गई दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की टीम के साथ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सिसोठ निवासी गजराज के रूप में हुई है।
डीएसपी डॉ. कविता ने गुरुवार को बताया कि 21 सितंबर को निगम की टीम बिजली चोरी की शिकायत पर जांच करने गांव सिसोठ गई थी। टीम में जेई सीताराम, एएफएम अजीत और एएलएम अंकित व धर्मवीर शामिल थे। आरोप है कि एक मकान में जांच के दौरान वहां मौजूद लोगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन, सरकारी दस्तावेज और अन्य सामान छीन लिया। साथ ही निगम की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए अस्पताल जाना पड़ा।
शिकायत के आधार पर सदर महेंद्रगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया था। डीएसपी ने बताया कि महेंद्रगढ़ सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए गजराज को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में क्षतिग्रस्त सरकारी वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments