सरसा में अवैध पटाखा गोदाम पर पुलिस की छापेमारी, 17 कार्टून पटाखे जब्त; मालिक गिरफ्तार

17 कार्टून पटाखे जब्त, लाइसेंस और परमिट नहीं मिला

Published On

सरसा, सच कहूँ/सुनील वर्मा। Sirsa News: सरसा पुलिस ने गांव शहीदांवाली की ढाणी में बिना लाइसेंस चल रहे पटाखों के गोदाम पर छापा मारकर 17 बड़े कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने गोदाम मालिक कंवर भान सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। सीआईए ऐलनाबाद की टीम रविवार को मल्लेकां क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मोडियाखेड़ा रोड पर मंजूरशुदा गोदाम से करीब एक किलोमीटर दूर नया गोदाम बनाया गया है, जहां बिना अनुमति पटाखे रखे जा रहे हैं।

पुलिस ने छापा मारकर तलाशी ली। आरोपी पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। पुलिस अब जांच कर रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने मंजूरशुदा गोदाम से करीब एक किलोमीटर दूर गांव की तरफ पटाखों का नया गोदाम बनाया था। इसके संचालन के लिए उसके पास वैध लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस ने पटाखे जब्त कर जांच शुरू कर दी है। 

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts