कलायत में दूध-पनीर फैक्ट्री पर की छापेमारी, 8 क्विंटल पनीर व 5 हजार लीटर स्किम्ड जब्त
कलायत में दूध-पनीर फैक्ट्री पर की छापेमारी, 8 क्विंटल पनीर व 5 हजार लीटर स्किम्ड जब्त
कलायत, सच कहूँ/अशोक राणा। Kalayat News: त्योहारों के सीजन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए कलायत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 8 क्विंटल पनीर और 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क मिला। पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि को लेकर भी अनियमितता सामने आई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए प्रक्रिया शुरू की है। सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार ने बताया कि कलायत अनाज मंडी के पीछे स्थित एक दूध-पनीर फैक्ट्री में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीआईए कलायत पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा की टीम के साथ संयुक्त रूप से फैक्ट्री में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर करीब 8 क्विंटल पनीर मिला। इसमें लगभग 5 क्विंटल पनीर पैकेटों में पैक किया हुआ था, जबकि करीब 3 क्विंटल पनीर खुला मिला। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री में लगभग 5 हजार लीटर स्किम्ड मिल्क भी मौजूद था। जांच के दौरान पैक किए गए पनीर के पैकेटों पर निर्माण तिथि 20 अक्तूबर अंकित मिली, जबकि पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में कार्रवाई 19 अक्तूबर को की गई थी। इस प्रकार पैकेटों पर निर्माण तिथि कार्रवाई के दिन से एक दिन आगे की लिखी हुई पाई गई। मौके पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दूध व पनीर के कुल तीन सैंपल लिए हैं। इनकी जांच के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा नियमानुसार कार्रवाई के संबंध में आगामी कार्रवाई की जाएगी।