Cooking Competition: शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल में कुकिंग प्रतियोगिता

जूनियर वर्ग में शिवाजी व उधम सिंह हाउस रहा प्रथम

Published On

Cooking Competition: सरसा, (सच कहूँ/सुशील कुमार)। शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल में आयोजित कुकिंग विदाउट फायर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिना आग जलाए तरह-तरह के पौष्टिक और आकर्षक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। किसी ने फ्रूट सलाद सजाया तो किसी ने हेल्दी सैंडविच, मिल्कशेक, कोल्ड कॉफी और कॉर्न चाट बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। प्रतियोगिता में चारों हाउस के विद्यार्थियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को पहले और कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को दूसरे ग्रुप में रखा गया। प्रत्येक हाउस से छह-छह प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। व्यंजनों के स्वाद, पौष्टिकता, सजावट और प्रस्तुति के आधार पर निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए। जूनियर वर्ग में शिवाजी और शहीद उधम सिंह हाउस ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। भगत सिंह हाउस दूसरे और महाराणा प्रताप हाउस तीसरे स्थान पर रहा। सीनियर वर्ग में शहीद उधम सिंह हाउस ने पहला स्थान प्राप्त किया।

शहीद भगत सिंह और महाराणा प्रताप हाउस संयुक्त रूप से दूसरे तथा शिवाजी हाउस तीसरे स्थान पर रहा। निर्णायक मंडल में स्कूल एकेडमिक कोआर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह और अध्यापक विकास वधवा शामिल रहे। प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां और स्कूल एकेडमिक कोआर्डिनेटर गुरप्रीत सिंह ने विजेता व प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक जीवन कौशल विकसित होते हैं। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी कौशल सीखने के अवसर भी मिलने चाहिए। इस अवसर पर स्कूल प्रशासक डॉ. हरदीप सिंह इन्सां, प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां, स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts