GM Pankaj Sharma News: उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने किया जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा
Jaipur Railway Station inspects: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही, आगामी त्यौहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। पंकज शर्मा ने जयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने पर जोर दिया।
त्यौहारों के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए महाप्रबंधक ने स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों, यात्रियों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय तथा अन्य प्रमुख यात्री आवागमन क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों पर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान रवि जैन, मंडल रेल प्रबंधक, जयपुर उपस्थित रहे।