CITU Latest News: मजदूरों के हक में बने 44 कानूनों को चार लेबर कोड में बदलने का विरोध

सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार व मजदूर यूनियन का 16वां सम्मेलन आयोजित

Published On

Hanumangarh Workers' Union Conference: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। सेंट्रल वेयर हाउस पल्लेदार व मजदूर यूनियन (सीटू) का 16वां सम्मेलन मंगलवार को जंक्शन में लाल चौक के नजदीक आयोजित हुआ। सम्मेलन में यूनियन की सालभर की गतिविधियों और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पिछले कार्यकाल में रही कमजोरियों को दूर करने तथा मजदूरों, किसानों और व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। सम्मेलन में नई कार्यकारिणी का चुनाव भी किया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राजस्थान सरकार पर दमनकारी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर कार्रवाई कर रहा है और लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन चोरों को पकड़ने के बजाय झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक गतिविधियों को दबाया जा रहा है।

वक्ताओं ने केन्द्र और राज्य सरकार पर मजदूरों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए बनाए गए 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड में बदल दिया गया है। उन्होंने इसे मजदूरों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए इसके खिलाफ आंदोलन तेज करने की बात कही।

सम्मेलन में बुधवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। वक्ताओं ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और दमनकारी कार्रवाई के विरोध में एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। सम्मेलन को बलदेव सिंह, सीटू जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह, बसंत सिंह सहित अन्य सीटू नेताओं ने संबोधित किया।

About The Author

Related Posts