Taranagar Car Accident: तेज रफ्तार कार ने नगरपालिका के सफाई कर्मचारी चाचा-भतीजे को कुचला, परिवार में पसरा मातम

तारानगर में एक दर्दनाक हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया

Published On

Uncle-Nephew Death in Accident: तारानगर (बुधराम वर्मा)। तारानगर में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार एक ही परिवार के चाचा भतीजे को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान संजय कुमार (38) पुत्र पूनमचंद और कालूराम (34) पुत्र बद्री प्रसाद निवासी वार्ड नं. 20, तारानगर के रूप में हुई है। दोनों तारानगर नगरपालिका में स्थाई सफाई कर्मचारी थे और आपस में चाचा-भतीजा लगते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के भाई मुकेश कुमार के घर बुधवार को पुत्र का जन्म हुआ था। पूरा परिवार अस्पताल में था। रात करीब 9.45 बजे संजय और कालूराम बाइक से अस्पताल के पास स्थित दिल्ली दरबार होटल पर खाना लेने जा रहे थे। मुकेश भी दूसरी बाइक से उनके पीछे था। जैसे ही वे होटल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचे, तारानगर की ओर से आ रही तेज गति कार नंबर HR 26 CS 9412 ने गलत साइड से आकर उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और कार पलट गई।

आवाज सुनकर होटल कर्मचारी श्रवण कुमार और रामावतार सैनी मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल तारानगर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही उक्त घटना की सुचना क्षेत्र में फैली तो समाज के सैकड़ों लोग अस्पताल में इकठ्ठे हो गए। मृतक के भाई मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस थाना तारानगर में कार चालक के खिलाफ धारा 281, 106(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

About The Author

Related Posts