शिक्षा और रोजगार
Panchayat Election Latest News: पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर 1.55 लाख पदों पर निर्वाचन की तैयारी तेज
जिला निर्वाचन अधिकारियों को अधिक मुस्तैदी से तैयारी करने के निर्देश
Rajasthan Election Commission: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10 हजार 245 पदों के लिए चुनाव संपन्न कराए गए थे, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में लगभग एक लाख 55 हजार पदों पर निर्वाचन होना है। चुनाव के व्यापक स्तर और अधिक संख्या में पदों को देखते हुए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता, बेहतर समन्वय और व्यापक तैयारियों के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके।
सिंह शनिवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग सभागार में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की अध्यक्षता कर रहे थे। वीसी में समस्त संभागीय आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) शामिल हुए। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिस प्रकार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया है, उसी प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता के साथ पंचायती राज चुनाव भी संपन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव के व्यापक दायरे को देखते हुए प्रत्येक स्तर पर कार्ययोजना बनाकर उसकी नियमित समीक्षा की जाए तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।
सिंह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में आवश्यकतानुसार जनरेटर एवं लाइटिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हों। उन्होंने कहा कि संबंधित बिजली कंपनियों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। मतदान केंद्रों एवं निर्वाचन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर बिजली, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का पहले से सत्यापन किया जाए।
कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखें। उन्होंने मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा कर कमियों को समय रहते दूर करने पर भी जोर दिया।
वीसी के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, मतदान दलों के लिए परिवहन व्यवस्था, ईवीएम एवं मतपेटियों की उपलब्धता, मतपत्रों के मुद्रण एवं सुरक्षा तथा निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं और निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आदर्श आचरण संहिता की पालना सुनिश्चित करने और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की प्रक्रिया, नियमों एवं शर्तों के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। वीसी के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।