Blood Donation Camp: पूजनीय बापू जी की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं में दिखा उत्साह
महिला और पुरुष रक्तदाताओं ने परमार्थी दिवस पर 123 यूनिट किया रक्तदान
Parmarthi Diwas 2026: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पूजनीय पिता बापू नंबरदार मग्घर सिंह जी की 22वीं पावन स्मृति पर सोमवार को परमार्थी दिवस के रूप में मनाते हुए शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर की शुरूआत डेरा सच्चा सौदा की प्रबंधन समिति के सदस्यों ने अरदास का भजन बोलकर की। इसके बाद महिला और पुरुष रक्तदाताओं ने अस्पताल स्थित पूज्य बापू नंबरदार मग्घर सिंह जी इंटरनेशनल ब्लड सेंटर में पहुंचकर रक्तदान किया। रक्तदान शिविर को लेकर सेवादारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रक्तदाता ब्लड सेंटर के बाहर पहुंच गए और अपनी बारी का इंतजार करने लगे। ब्लड सेंटर की जरूरत के अनुसार 123 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शाह सतनाम जी स्पेशलिटी अस्पताल के सीएमओ डॉ. गौरव अग्रवाल इन्सां ने बताया कि पूजनीय बापू नंबरदार मग्घर सिंह जी की पावन स्मृति में हर वर्ष 5 अक्तूबर को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में सोमवार को भी शिविर लगाया गया, जिसमें आसपास के सेवादारों ने पहुंचकर रक्तदान किया और पूजनीय बापू जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
वर्णनीय है कि पूजनीय बापू नंबरदार मग्घर सिंह जी परमात्मा के सच्चे भक्त, जरूरतमंदों की मदद करने वाले समाजसेवी इन्सान थे। पूजनीय बापू नंबरदार मग्घर सिंह जी 5 अक्तूबर 2004 को रूहानियत, इंसानियत और भाईचारे की रोशनी फैलाते हुए कुल मालिक के चरणों में सचखंड जा विराजे थे। उनकी पावन स्मृति में 10 अक्तूबर 2004 को श्रीगुरुसर मोड़िया में श्रद्धांजलि स्वरूप विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया था, जिसमें 17,921 यूनिट रक्तदान हुआ था। इसके बाद से साध-संगत प्रत्येक वर्ष परमार्थी दिवस पर रक्तदान सहित विभिन्न मानवता भलाई के कार्य कर पूजनीय बापू जी को श्रद्धांजलि अर्पित करती आ रही है।



