Hanumangarh Panchayat Chunav: गांवों की सरकार चुनने उमड़े मतदाता, मतदान केन्द्रों पर लगी कतारें

पंचायतीराज चुनाव के चौथे एवं अंतिम चरण में 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच-वार्ड पंच के लिए मतदान जारी

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। गांवों की सरकार चुनने के लिए सोमवार सुबह से ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में चौथे एवं अंतिम चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। हनुमानगढ़ टाउन, संगरिया, रावतसर और टिब्बी पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

Election-Day

सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई और कई केन्द्रों पर कतारें लग गईं। महिला एवं पुरुष मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्ग, युवा और महिलाएं भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। गांवों में अपने पसंदीदा प्रत्याशी को जिताने के लिए मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। कई मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। जिला निर्वाचन की ओर से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Election-2nd-Day

मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतदान केन्द्रों पर ही मतगणना शुरू होगी। पहले वार्ड पंच और इसके बाद सरपंच पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिले में सुबह 10 बजे तक कुल 23.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समिति वार आंकड़ों के अनुसार हनुमानगढ़ टाउन में 22.08 प्रतिशत, रावतसर में 24.61 प्रतिशत, संगरिया में 22.82 प्रतिशत तथा टिब्बी में 23.45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

575 अभ्यर्थी सरपंच पद के लिए मैदान में

चौथे चरण की 120 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 884 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे। संवीक्षा के दौरान 3 नामांकन अवैध पाए गए, जबकि 306 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद 575 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में रह गए। इनमें संगरिया की 27 ग्राम पंचायतों में 129, रावतसर की 30 ग्राम पंचायतों में 127, टिब्बी की 33 ग्राम पंचायतों में 156 तथा हनुमानगढ़ टाउन की 30 ग्राम पंचायतों में 163 अभ्यर्थी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

3.93 लाख मतदाताओं के लिए 415 मतदान केन्द्र

चौथे चरण में चारों पंचायत समितियों की 120 ग्राम पंचायतों में कुल 3,93,176 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 415 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। वहीं, 120 ग्राम पंचायतों के 1234 वार्ड पंच पदों के लिए भी चुनाव कराया जा रहा है, जिनके लिए 2068 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किए थे।

17 नवम्बर को होगा उपसरपंच का चुनाव

इन चारों पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव के बाद 17 नवम्बर को उपसरपंच का चुनाव करवाया जाएगा। इसके साथ ही जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की प्रक्रिया अंतिम पड़ाव पर पहुंच जाएगी। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जिले की कुल दस पंचायत समितियों में दो चरणों में मतदान करवाया गया। चौथे चरण में शामिल हनुमानगढ़ टाउन, संगरिया, रावतसर एवं टिब्बी पंचायत समितियों में 14 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ था। इससे पूर्व तीसरे चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा एवं राजपुरा (8 बीएचडी) सहित छह पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवम्बर तथा सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए 5 नवम्बर को मतदान करवाया गया था।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts