विधायक ने गांव घराचों में 66.63 लाख की लागत से तैयार मुख्यमंत्री खेल मैदान का किया उद्घाटन
विधायक ने युवाओं से की इस मैदान का नियमित उपयोग करने की अपील
भवानीगढ़, सच कहूँ/विजय सिंगला। Bhawanigarh News: विधायक नरेन्द्र कौर भराज ने गाँव घराचों में 66.63 लाख रुपये की लागत से तैयार मुख्यमंत्री खेल मैदान का उद्घाटन कर इसे ग्रामीणों और खिलाड़ियों को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गाँवों में खेलने के लिए उचित स्थान उपलब्ध होने से बच्चों और युवाओं को अपने घरों के नजदीक नियमित अभ्यास करने का अवसर मिलता है। पंजाब सरकार गांव स्तर पर खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। विधायक भराज ने कहा कि खेल शारीरिक तंदुरुस्ती के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं।
जब बच्चों को अपने गाँव में ही खेल का मैदान मिलता है तो उनके लिए रोजाना खेलना आसान हो जाता है और नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने में खेल अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस मैदान का नियमित उपयोग करें, विभिन्न खेलों में भाग लें और छोटे बच्चों को भी खेलने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी खेल में आगे बढ़ने की शुरूआत नियमित अभ्यास से होती है और गाँव का यह मैदान इसके लिए अच्छा अवसर प्रदान करेगा। इस अवसर पर सरपंच दलजीत सिंह, पंचायत के सभी सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Comments