शिक्षा और रोजगार
Pollution News: स्मॉग ने बढ़ाई सांसों की तकलीफ, अस्पतालों में बढ़ रहे अस्थमा और सीओपीडी के मरीज
पराली, फैक्ट्रियों और वाहनों के धुएं से बिगड़ी आबोहवा, बुजुर्गांे और बच्चों पर सबसे ज्यादा असर
हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। इलाके में पिछले करीब 15-20 दिनों से प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने के कारण वातावरण में स्मॉग की चादर छाई हुई है। पराली जलाने, फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं और वाहनों के प्रदूषण के कारण सुबह-शाम हवा में धुआं और धूल का असर साफ दिखाई दे रहा है। बिगड़ती आबोहवा अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। सांस, अस्थमा, सीओपीडी और हृदय रोग से पीड़ित मरीजों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
अस्पतालों में सांस लेने में तकलीफ, एलर्जी और अस्थमा की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। शहर के सीनियर फिजिशियन डॉ. बृजेश गौड़ ने बताया कि पिछले 15-20 दिनों से वातावरण में प्रदूषण बढ़ने के कारण सांस और एलर्जी के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। धुएं और मिट्टी के संपर्क में आने से कई बार मरीजों की स्थिति अचानक गंभीर हो जाती है और उन्हें सांस का अटैक तक आ जाता है। ऐसी स्थिति में मरीज को अस्पताल में भर्ती करवाने की नौबत भी आ रही है। पहले से अस्थमा और सीओपीडी से पीड़ित मरीजों के अलावा बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

वहीं प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने से स्वस्थ लोगों में भी सांस संबंधी नई समस्याएं पैदा होने की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदूषित धुआं और धूल के कण मिलकर स्मॉग बनाते हैं। ये सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंचकर जमा होते रहते हैं और शरीर के विभिन्न अंगों को प्रभावित करते हैं। लगातार प्रदूषण के संपर्क में रहने से फेफड़ों को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। इसका असर केवल सांस संबंधी बीमारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि हृदय रोगियों के लिए भी यह बेहद खतरनाक है। प्रदूषण के कारण हार्ट के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है और स्वस्थ लोगों में भी हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इसके अलावा त्वचा संबंधी समस्याएं, आंखों में जलन और अन्य शारीरिक परेशानियां भी सामने आ सकती हैं। डॉ. गौड़ ने कहा कि हनुमानगढ़ जैसे छोटे क्षेत्र में सांस के रोगियों की संख्या पूरे राजस्थान में सर्वाधिक होना चिंता का विषय है। प्रदूषण की समस्या का स्थाई समाधान जरूरी है। इसके लिए पराली जलाने, फैक्ट्रियों और वाहनों से निकलने वाले धुएं पर प्रभावी नियंत्रण करना होगा। प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण विभाग की ओर से नियमित जांच कर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। सड़कों और धूल प्रभावित क्षेत्रों में पानी का छिड़काव करवाया जाए, ताकि मिट्टी के कण हवा में न फैलें।
मास्क लगाकर ही निकलें बाहर, दवाइयों में बदलाव डॉक्टर की सलाह से करें
डॉ. गौड़ ने प्रदूषण से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर जाना जरूरी हो तो मास्क लगाकर ही निकलें। पहले से अस्थमा, सीओपीडी और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज चिकित्सक की सलाह के अनुसार मौसम और वातावरण को देखते हुए अपनी दवाइयों में बदलाव करवाएं। घर के अंदर भी पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हर साल प्रदूषण को लेकर चर्चा होती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा। प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ना आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। शासन-प्रशासन को अब केवल चर्चा तक सीमित रहने के बजाय प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि हवा को प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
Comments