NCC Latest News: एनसीसी शिविर में प्रशिक्षण के लिए 17 कैडेट्स रवाना

10 दिवसीय शिविर में ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग और आपदा प्रबंधन का लेंगे प्रशिक्षण

Published On

NCC Cadets Hanumangarh: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। श्रीगंगानगर स्थित 15 राजस्थान एनसीसी बटालियन (आर्मी विंग) की ओर से एनसीसी सत्र 2025-26 के तीसरे बैच के तहत 10 दिवसीय सीएटीसी सेकंड कैंप का आयोजन 16 से 25 नवम्बर तक किया जा रहा है। इस शिविर में हिस्सा लेने के लिए गुड डे डिफेंस स्कूल, न्यू सैनिक स्कूल, हनुमानगढ़ के जूनियर डिवीजन के 17 एनसीसी कैडेट्स रवाना हुए। इनमें 9 जेडी एवं 8 जेडब्ल्यू कैडेट्स शामिल हैं।

एनसीसी सीटीओ महजबीन के नेतृत्व में रवाना हुए इस दल को संस्था के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि एनसीसी शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होती है और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है।

संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ उनमें राष्ट्रसेवा, एकता और अनुशासन के संस्कार विकसित करती है। इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रसेवा, देशभक्ति और एकता के महत्व से भी अवगत करवाया जाएगा।

कैडेट्स को रवाना करने के मौके पर संस्था के डायरेक्टर विंग कमांडर जीडी शर्मा एवं प्रशासक अनुराग छाबड़ा भी मौजूद रहे। उन्होंने कैडेट्स को शिविर के दौरान अनुशासन बनाए रखने और पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के साथ उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts