Chhath Festival News: कोहला नहर पर उमड़ा पूर्वांचलवासियों का सैलाब, रातभर गूंजे छठी मैया के भजन
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली, रातभर गूंजे छठी मैया के भजन
Chhath Puja Celebration: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। टाउन की श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट की ओर से कोहला नहर पर आयोजित छठ महापर्व का सोमवार सुबह श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक परंपराओं के साथ समापन हुआ। इस मौके पर पूर्वांचल एवं बिहार मूल के परिवारों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने नहर पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की। अल सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। व्रती महिलाएं एवं पुरुष नहर के पानी में खड़े होकर सूर्योदय की प्रतीक्षा करते नजर आए।
सूर्य की पहली किरण के साथ ही विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा युवा नेता अमित साहू रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि पिंकी, पूजा, प्रियदर्शिनी, प्रतिभा झा, श्वेता, कर्ण, रानी सिंह, दिव्या कुमारी, पूजा एवं विशाल ने पूजा-अर्चना कर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पूर्व रविवार रात्रि को छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव की आराधना में जागरण आयोजित किया गया। इसमें बाहर से पधारी भजन गायिकाओं नेहा नैना, प्रीति, जयंती मिश्रा, नीता मिश्रा तथा जय भारती एंड पार्टी ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

छठी मैया के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। आर्ट ग्रुप की ओर से प्रस्तुत आकर्षक एवं मनमोहक धार्मिक झांकियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। झांकियों के माध्यम से छठी मैया की महिमा और भगवान सूर्यदेव की आराधना का संदेश दिया गया। श्री मिथिला सेवा समिति राजस्थान ट्रस्ट अध्यक्ष बलदेव दास ने बताया कि छठ महापर्व पूर्वांचल एवं बिहार के लोगों का प्रमुख त्योहार है। इस पर्व पर महिलाएं एवं पुरुष कठिन व्रत रखते हैं तथा अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की खुशहाली की कामना करते हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की सच्चे मन से आराधना करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने खुशी जताई कि अब हनुमानगढ़ के स्थानीय लोग भी इस पर्व से जुड़ रहे हैं और पूर्वांचलवासियों की धार्मिक परंपरा में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं। बलदेव दास ने आयोजन में नगर परिषद की ओर से मिल रहे सहयोग की सराहना की। इस मौके पर ट्रस्ट उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, सचिव अशोक गौतम, कोषाध्यक्ष दिलखुश मंडल, संयोजक रिंकू मिश्रा, पंडाल प्रभारी कृष्ण मुरारी शास्त्री, प्रवक्ता श्याम दास, अमर सिंह, पप्पू यादव, श्याम, कमलेश यादव, प्रचार प्रभारी संदीप महंतो, शिवचन्द यादव सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन के पश्चात ट्रस्ट सदस्यों ने विधि-विधान से छठ पूजा की मूर्तियों का विसर्जन किया।
Comments