Rajasthan Railway Blast: रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट का खुलासा, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार
देवेंद्रसिंह और महकदीपकौर हिरासत में, अन्य सहयोगी भी डिटेन
Sri Ganganagar Railway Track Blast Update: श्रीगंगानगर, 14 नवंबर (सच कहूँ ब्यूरो)। श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में चक 50 जीबी के पास 3 नवंबर की देर रात रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी देवेंद्रसिंह और महिला आरोपी महकदीपकौर शामिल हैं।
वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों को भी डिटेन किया गया है। विगत 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास 200 मीटर तक आवाज सुनाई दी। इस घटना से पहले अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब 45 मिनट से एक घंटे पहले इस हिस्से से गुजर चुकी थी।
धमाके से रेलवे पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पटरियों के बीच करीब 2 से 2.5 फीट गहरा गड्ढा बन गया। स्लीपरों को पटरी से जोड़ने वाले लॉक भी टूट गए और अंदर का सरिया बाहर निकल आया। सौभाग्य से किसी भी ट्रेन या यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।
श्रीगंगानगर पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट और सहयोग से मामले का खुलासा किया। सूत्रों के मुताबिक ब्लास्ट की वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों देवेंद्रसिंह और महकदीपकौर निवासी गुरदासपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल अन्य सहयोगियों को भी डिटेन किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर यादव आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पूरे मामले की जांच आईपीएस नितिन चौधरी की टीम कर रही है। जांच में मोबाइल टावर डेटा, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पहले से ही एटीएस, सीआईडी, एफएसएल, आईबी और एनआईए जैसी एजेंसियां मामले की जांच में जुटी थीं।
Comments