PRTC Bus Accident: ओवरब्रिज से टकराकर खेतों में पलटी पीआरटीसी बस, 3 की मौत, 26 घायल

13 गंभीर घायलों को पटियाला किया रेफर

Published On

संगरूर, गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार। PRTC Bus Accident: बुधवार सुबह संगरूर में मुख्यमंत्री आवास के नजदीक पीआरटीसी की एक बस फ्लाईओवर के पुल की दीवार से टकराकर खेतों में पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल संगरूर में भर्ती करवाया गया। कई यात्रियों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत इलाज के लिए राजेन्द्रा अस्पताल, पटियाला रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी देते हुए डीएसपी दलवीर सिंह ने बताया कि पीआरटीसी की यह बस धूरी से चंडीगढ़ जा रही थी।

बस के धूरी से चलने का समय सुबह 4:30 बजे था, लेकिन ड्राइवर के देरी से पहुंचने के कारण बस 4:40 बजे धूरी से रवाना हुई। बस संगरूर बस स्टैंड से पटियाला की तरफ जा रही थी। ड्रीमलैंड कॉलोनी के नजदीक पहले बस दार्इं तरफ ओवरब्रिज की दीवार से टकराई और फिर खेतों में पलट गई। इस हादसे में धूरी क्षेत्र की दो महिलाओं नरेन्द्र कौर (32) पत्नी अजीत निवासी बब्बनपुर, राजविन्द्र कौर (35) पत्नी हरदीप सिंह निवासी धूरी और मनजीत सिंह (64) पुत्र गुरबचन सिंह निवासी थलेसां की मौत हो गई। हादसे में घायल यात्रियों में से 14 का इलाज सिविल अस्पताल संगरूर और 12 का राजेन्द्रा अस्पताल, पटियाला में चल रहा है। डीएसपी ने बताया कि इस हादसे में दविन्द्र सिंह, करमजीत सिंह, अविजोत, प्रभजोत, दिलप्रीत सिंह, अमृतपाल कौर,

हरकरम सिंह, रमनदीप सिंह, सना, वरिन्द्र सिंह, चंदनदीप सिंह, नेहा, लखवीर सिंह, विनय सिंह, हरप्रभजोत, रुकमणी, रवनीत कौर, स्पिंदर कौर, वंदना, प्रभजोत सिंह, गुरध्यान, सतनाम सिंह, भूपिंदर कौर, राजविन्द्र सिंह, कमलजीत सिंह और वरिंदर आदि घायल हुए हैं। इस दौरान सिविल अस्पताल संगरूर के एसएमओ डॉ. विनोद कुमार, डॉ. करमदीप सिंह काहल, डॉ. हरबंस सिंह, डॉ. पवेल सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी हादसे में घायल यात्रियों का इलाज कर रहे थे।

घायलों का इलाज मुफ्त किया जाए: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बस हादसे में तीन यात्रियों की मौत और घायलों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट करते हुए लिखा कि संगरूर में पीआरटीसी बस के दर्दनाक हादसे की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में तीन अनमोल जिंदगियाँ चली गई हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का इलाज मुफ्त किया जाए।

PRTC Bus Accident

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts