महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने विभिन्न स्कूलों का किया निरीक्षण
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने विभिन्न स्कूलों का किया निरीक्षण
तोशाम, सच कहूँ/विरेंद्र सिंह। Tosham News: हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने बुधवार को पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजीना, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढाणी माहू एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवासा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और समितियों के गठन एवं उनके द्वारा की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया। बजीणा और रिवासा स्कूल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंतरिक शिकायत निवारण समिति का भी गठन करने के साथ-साथ शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीना परमार ने स्कूल प्राचार्यों को निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों पर कार्रवाई में किसी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि यदि उनके साथ किसी भी स्तर पर कुछ गलत होता है तो वे उसका विरोध करें। छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी होनी चाहिए। गलत कार्य का विरोध करने में किसी प्रकार की हिचकिचाहट या शर्म महसूस न करें और हमेशा निडर रहें। मीना परमार ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। यदि आयोग के पास किसी प्रकार की शिकायत पहुंचती है तो महिला आयोग उस पर कड़ा संज्ञान लेगा।
Comments