Bomb Threat: लुधियाना जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, स्कूलों को भी चेतावनी

सेशन जज की आधिकारिक ई-मेल पर आया धमकी भरा मेल, 27 नवम्बर तक एक जलसे में धमाके की भी दी चेतावनी, कोर्ट परिसर और पार्किंग की हो रही जांच

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: लुधियाना में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बुधवार को सेशन जज की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर दोपहर 2:11 बजे आए धमकी भरे मेल में अदालत को निशाना बनाने के साथ-साथ स्कूलों में भी बम धमाके करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गर्इं। धमकी भरे मेल में भेजने वाले ने खुद को पंजाब और खालिस्तान से जुड़ा बताते हुए 1984 के सिख दंगों का बदला लेने की बात लिखी है। मेल में राहुल गांधी और दिलजीत दोसांझ के नाम का जिक्र करते हुए 27 नवम्बर तक एक जलसे में बम धमाका करने की धमकी भी दी गई है। इसके साथ ही ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ जैसे नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि, इन नामों और दावों की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अदालत परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है। कोर्ट के विभिन्न गेटों पर पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं और पार्किंग सहित अन्य स्थानों की जांच की जा रही है। इस मामले में वकील चरणजीत कौर सेखों ने बताया कि धमकी भरी ई-मेल सीधे सेशन जज की मेल आईडी पर आई थी। इस संबंध में जज साहब से मुलाकात भी की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है और अदालत का कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है। उधर, पुलिस अधिकारी एएसआई मलकीत सिंह के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर पहले से ही जांच अभियान चलाया जा रहा है। धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर और पार्किंग में विशेष जांच की जा रही है। पुलिस और जांच एजेंसियां धमकी भरी ई-मेल की जांच कर रही हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts