जहर देकर हत्या का आरोप लगा थाने पहुंचे परिजन, गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन

जहर देकर हत्या का आरोप लगा थाने पहुंचे परिजन, गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन

Published On

मीरापुर, सच कहूँ न्यूज़। Mirapur News: कस्बे के मोहल्ला सराय गेट निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने मोहल्ले के ही कई युवकों पर उसे बंधक बनाकर जबरन जहर पिलाने का आरोप लगाया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक का शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने के गेट पर शव रखकर घंटों हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

कस्बे के मोहल्ला सराय गेट निवासी मोनू पुत्र मुन्नालाल पिकअप गाड़ी चलाने का काम करता था। उसके पिता मुन्नालाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे मोहल्ले के हर्ष पुत्र सतीश, तुषार पुत्र मंगल, मंगल पुत्र शिवचरण, अक्षय, चिराग, ललित पुत्रगण प्रदीप तथा राजन पुत्र मुकेश ने उनके साथ गाली-गलौज की थी। आरोप है कि कुछ देर बाद सभी उनके घर पहुंचे और मोनू को समझाने की बात कहते हुए 24 घंटे के अंदर उसकी हत्या करने की धमकी देकर चले गए। तहरीर के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11ः22 बजे मोनू ने अपनी चचेरी बहन पूजा को फोन कर बताया कि उक्त लोगों ने उसे कुतुबपुर रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर के पीछे बंधक बना लिया है और जबरन जहर पिलाकर मारने का प्रयास कर रहे हैं। पूजा से सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो मोनू गंभीर हालत में पड़ा मिला।

परिजन उसे कस्बे के एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए जानसठ थाना प्रभारी विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद शव को पुलिस निगरानी में अंतिम संस्कार के लिए गंगा बैराज भेज दिया गया। क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले में जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts