Traffic Police: दीपावली पर जाम से निपटने के लिए सरसा में वन-वे व्यवस्था लागू, 100 से ज्यादा जवान संभालेंगे ट्रैफिक

आज 5 नवंबर से बदलेगा शहर का ट्रैफिक रूट, ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बुधवार को शहर का दौरा कर तैयार किया प्लान, 5 राइडर और क्रेन भी रहेगी तैनात

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Sirsa News: दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ के चलते शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए सरसा पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देश पर जिला यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। बुधवार को ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने खुद शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों का दौरा कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वन-वे व्यवस्था सहित वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर विशेष योजना बनाई गई।

धनतेरस से एक दिन पहले यानी आज 5 नवंबर से शहर में वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 100 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। शहर के प्रत्येक प्रमुख चौक पर दो-दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि पांच राइडर लगातार गश्त कर व्यवस्था पर नजर रखेंगे तथा जहां सड़के ज्यादा टूटी हुई है, वहां भी जवानों की डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा जाम की स्थिति से निपटने और रास्ते में खराब या गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की भी व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक थाना प्रभारी शमशेर सिंह स्वयं एसएचओ जिप्सी में शहर का दौरा कर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग

बाजारों में बेतरतीब पार्किंग से जाम न लगे, इसके लिए सूरतगढ़िया चौक और डाकघर आॅफिस के पास विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

इन रास्तों पर रहेगी वन-वे व्यवस्था

ट्रैफिक प्लान के अनुसार शहर में बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। परशुराम चौक से घंटाघर चौक की तरफ दोपहिया वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन इस मार्ग से वापसी की अनुमति नहीं होगी। वापसी के लिए वाहन चालकों को भादरा बाजार की तरफ से जाना होगा। वहीं रोड़ी बाजार में एकता चौक के पास सड़क को बंद किया गया है। सदर बाजार में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts