Farmer News: अनाज मंडी में धान ले जाने से पहले ये जानकारी जान लें किसान!
2.94 लाख मीट्रिक टन धान पहुंचा, आवक के मुकाबले उठान धीमा होने से मंडी में लगने लगा जाम
Farmer News: सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। जिले की अनाज मंडियों में धान की लगातार बढ़ती आवक और उठान की धीमी गति से अव्यवस्था के हालात बनने लगे हैं। सरसा की जनता भवन रोड स्थित अनाज मंडी में जगह कम पड़ने के कारण धान से भरे वाहन सड़कों तक पहुंचने लगे हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। हालात को संभालने के लिए आढ़ती एसोसिएशन ने रविवार को खरीद बंद रखकर उठान पर जोर दिया। वहीं दीपावली पर्व के मद्देनजर 6 से 10 नवंबर तक मंडी में अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान किसी भी कृषि जिंस की बोली नहीं लगेगी। अब तक जिले की मंडियों में 2.94 लाख मीट्रिक टन पीआर धान की आवक हो चुकी है।
2.06 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा, 372 करोड़ का भुगतान
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले की मंडियों में अब तक 2.94 लाख मीट्रिक टन पीआर धान पहुंच चुका है। सरकारी खरीद एजेंसियों ने 23,262 किसानों से 2.06 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की है। इसमें से करीब डेढ़ लाख मीट्रिक टन धान का उठान हो चुका है। शेष धान का उठान जल्द करवाने के लिए खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। वहीं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के बदले 17,637 किसानों के खातों में 372 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। इसके अलावा 9.43 करोड़ रुपये का भुगतान प्रक्रिया में है।
मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ने और उठान धीमा रहने से जाम की स्थिति बनने लगी थी। धान से भरे वाहन सड़कों पर खड़े होने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था। स्थिति को देखते हुए आढ़ती एसोसिएशन ने बैठक कर रविवार को खरीद बंद रखने का निर्णय लिया। इस दौरान मंडी में पहले से पड़े धान का उठान करवाने पर जोर दिया गया। सोमवार सुबह चार बजे से उपज से भरे वाहनों की एंट्री शुरू करवाने की योजना बनाई गई है।
6 से 10 नवंबर तक मंडी में रहेगा अवकाश
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में 6 से 10 नवंबर तक अनाज मंडी में अवकाश रहेगा। इस दौरान किसी भी कृषि जिंस की बोली नहीं लगाई जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अवकाश के दौरान अपनी फसल मंडी में लेकर न आएं, ताकि जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को सुबह पांच बजे के बाद ही आढ़तियों के पास उपज लेकर आने की व्यवस्था रहेगी।
Comments