Nora Fatehi Latest News: सुकेश चंद्रशेखर केस में एक बार फिर कोर्ट में पेश नहीं हुईं नोरा फतेही, जज नाराज

200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली का मामला

Published On

200 Crore Extortion Case: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही एक बार फिर सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में अदालत में पेश नहीं हुईं। सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी थी। नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं। 

नोरा फतेही की ओर से वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 नवंबर की तारीख तय की है। अब नोरा को उस दिन गवाही के लिए अदालत में पेश होना होगा। सोमवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि नोरा फतेही आज कोर्ट में पेश होंगी या नहीं। पुलिस ने बताया कि अभिनेत्री को 22 अक्टूबर को ही पेशी का नोटिस भेज दिया गया था। यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया था। इसके अलावा, उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन नोरा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

वहीं, नोरा के वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई के दौरान राउज एवेन्यू कोर्ट ने नोरा को 2 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था। उन्हें इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराना था। अब अदालत ने अगली सुनवाई 6 नवंबर को रखी है।

दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी। इस मामले में शिकायत फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह ने दर्ज कराई थी। आरोप था कि सुकेश ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने उनसे करोड़ों रुपये वसूले।

मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने की थी। जांच के दौरान सुकेश का नाम बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों से भी जुड़ा। इनमें नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज का नाम सामने आया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने अभिनेत्रियों से संपर्क बनाने के लिए पिंकी ईरानी की मदद ली थी। आरोप था कि पिंकी ने सुकेश की पहचान और उसके रसूख को अलग तरीके से पेश करके अभिनेत्रियों को उससे मिलवाया था।

सितंबर 2022 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने नोरा से कई घंटों तक पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान नोरा ने बताया था कि वह सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल की ओर से आयोजित एक चैरिटी शो में शामिल हुई थीं। इस कार्यक्रम में लीना ने उन्हें गुच्ची का बैग और आईफोन दिया था। इसके बाद फोन पर उनकी सुकेश से बात कराई गई। सुकेश ने खुद को उनका फैन बताया और उन्हें बीएमडब्ल्यू कार देने की पेशकश की थी।

नोरा के मुताबिक, कार से जुड़ी बातचीत के लिए शेखर नाम का व्यक्ति उनके संपर्क में आया था। उन्होंने कार लेने से इनकार कर दिया और शेखर को अपने रिश्तेदार बॉबी खान का नंबर दे दिया। बाद में बीएमडब्ल्यू कार बॉबी खान के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। पुलिस पूछताछ में बॉबी ने कथित तौर पर सुकेश से करीब 65 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू मिलने की बात स्वीकार की थी।

नोरा ने जांच एजेंसियों के सामने खुद को इस पूरे मामले में साजिश का शिकार बताया था। उनका कहना था कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके आपराधिक कामों की जानकारी नहीं थी। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की भी जांच की। इस दौरान जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश से मिले महंगे गिफ्ट के मामले में आरोपी बनाया गया, जबकि नोरा का नाम गवाह के तौर पर शामिल किया गया। इसके अलावा, नोरा ने जैकलीन फर्नांडीज और 15 मीडिया संस्थानों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बारे में गलत और अपमानजनक बातें फैलाई गईं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts