विदेशी नंबर से वाइन शॉप मालिक को धमकी देकर मांगी फिरौती, नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
गुरुग्राम में वाइन शॉप मालिक से विदेशी नंबर से फिरौती मांगने के आरोप में नाबालिग समेत दो गिरफ्तार
गुरुग्राम, सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा। Gurugram News: विदेशी वर्चुअल नंबर से कॉल कर वाइन-शॉप मालिक से फिरौती मांगने के मामले में फर्रुखनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 25 वर्षीय युवक और 15 साल का एक नाबालिग शामिल है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि तकनीकी जांच और साइबर ट्रेसिंग के आधार पर आरोपियों को केस दर्ज होने के कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, वाइन-शॉप के लाइसेंस धारक ने 28 अक्तूबर को शिकायत दी थी कि 25 अक्तूबर को दोपहर 12:41 बजे उसके मोबाइल पर विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अमेरिका से बोलने वाला अपराधी बताया और पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने उप-निरीक्षक लोकेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सुमित निवासी गांव सिकंदरपुर बढ़ा और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित ने इंटरनेट से जानकारी लेकर विदेशी वर्चुअल नंबर बनाया था। योजना के तहत नाबालिग ने वाइन-शॉप मालिक को फोन कर फिरौती मांगी, जबकि रकम लेने की जिम्मेदारी सुमित की थी। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य सबूत बरामद करने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय सुमित दसवीं पास है और गुरुग्राम कोर्ट में एक वकील के पास मुंशी का काम करता है। वहीं, दूसरा आरोपी 15 वर्षीय नाबालिग आठवीं कक्षा का छात्र है।
Comments