रामबाग और सिटी पार्क पर खर्च होंगे 6.60 करोड़ रुपये: मंत्री रणबीर गंगवा

बरवाला में आधुनिक बस स्टैंड तैयार, अनाज मंडी का निर्माण जारी

Published On

बरवाला, सच कहूँ/मुकेश। Barwala News: बरवाला में आधुनिक बस स्टैंड बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ लगती आधुनिक अनाज मंडी का निर्माण कार्य भी जारी है। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को बस स्टैंड का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार बरवाला को आधुनिक और सुंदर शहर बनाने के लिए विकास कार्यों को गति दे रही है।

मंत्री ने बताया कि बस स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए छह बस-बे, दुकान, टिकट वेंडिंग मशीन, वातानुकूलित प्रतीक्षालय और शिशुओं को दूध पिलाने के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। यहां महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालयों की व्यवस्था की गई है। प्रथम तल पर पांच कार्यालय कक्ष, चालकों के लिए दो डॉर्मिटरी और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं।

रामबाग और सिटी पार्क पर खर्च होंगे 6.60 करोड़

गंगवा ने बताया कि रामबाग के विकास के लिए करीब 3.30 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है, जबकि सिटी पार्क पर भी लगभग 3.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहर में सड़कों, गलियों, लाइब्रेरी और अन्य जन सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। स्टेडियम का निर्माण जारी है और कम्युनिटी सेंटर का काम लगभग पूरा होने वाला है। शहर की चारों दिशाओं में प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। हिसार की ओर प्रवेश और निकास के दोनों तरफ सुंदर चौक विकसित किए जाएंगे। अधिकांश गलियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष गलियों का काम भी जल्द शुरू करवाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। चुनाव के दौरान किए गए 210 वादों में से 75 पूरे किए जा चुके हैं। 

 

About The Author

Related Posts