गरीब की सेवा, किसानों का सम्मान, युवाओं को अवसर देकर प्रदेश में रामराज्य स्थापित कर रही सरकार: सैनी

मुख्यमंत्री ने लाडवा में विजय दशमी समारोह में दिया सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश

Published On

लाडवा, सच कहूँ/रामगोपाल। Ladwa News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान समय में सरकार में रामराज्य की भावना का अर्थ है कि गरीब की चिंता, किसान को सम्मान मिले, युवाओं को अवसर मुहैया करवाना है। महिलाएं सुरक्षित एवं सशक्त और बुजुर्गों को सहारा दिया जा रहा है। इस नीति से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में न शासन में भेदभाव है और पूरी व्यवस्था पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है। प्रत्येक नागरिक को समान अवसर और सम्मान देकर रामराज्य की भावना के अनुरूप काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को लाडवा में जय भारत कला मंच लाडवा द्वारा आयोजित विजयादशमी समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की आरती की और प्रदेशवासियों के जीवन में मंगल रहने, विकास को ओर तेज गति से आगे बढ़ने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जय भारत कला मंच लाडवा को 11 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की और शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजय दशमी की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प विकसित भारत का निर्माण करना है। यह पर्व हमें विश्वास दिलाता है कि सत्य की राह कठिन हो सकती है, लेकिन अंत में विजय सदैव सत्य, धर्म और न्याय की ही होती है। भगवान श्रीराम ने रावण का अंत करके समाज को अन्याय और भय से मुक्त कराया, वहीं मां दुर्गा ने महिषासुर का संहार कर धर्म की स्थापना की। इन प्रसंगों से हमें सीख मिलती है कि शक्ति का उद्देश्य अहंकार नहीं, बल्कि कमजोर की रक्षा करना और अन्याय का अंत करना है।

आज केवल पुतले ही नहीं अंदर की बुराईयां भी जलाएं...

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विजय दशमी पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन करते समय हमें अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प भी लेना चाहिए। केवल पुतले जलाने से हमारा दायित्व पूरा नहीं होता। यह पर्व तभी सार्थक होगा, जब हम अपने भीतर के अहंकार, क्रोध, लोभ, ईर्ष्या, छल, कपट और स्वार्थ को दूर करने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, एसडीएम लाडवा राजेश कुमार सोनी,

चेयरमैन गुरनाम सैनी, नगर पालिका लाडवा की चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मार्किट कमेटी चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, मीडिया कोआॅर्डिनेटर तुषार सैनी, मार्केट कमेटी सचिव नीरज सैनी, जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, प्रधान जितेंद्र खैरा, पूनम सैनी, परमजीत कौर कश्यप, नायब सिंह पटाक माजरा, केडीबी सदस्य हरमेश सैनी, अवतार सैनी, डा. रविंद्र सैनी, सन्नी कालड़ा मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts