Ravan Dahan: कैराना में धू-धूकर जले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले
कैराना में धू-धूकर जले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: मंगलवार को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व विजयदशमी कैराना में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कस्बे के ऐतिहासिक देवी मंदिर तालाब के किनारे देर शाम रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन किया गया। तालाब के चारों ओर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा नेता मनीष चौहान, अनिल चौहान और दामोदर सैनी समेत अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की। सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। देवी मंदिर तालाब के किनारे आयोजित दशहरा उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। निर्धारित समय पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। हजारों श्रद्धालु इस आयोजन के साक्षी बने। इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी की ओर से संदीप वर्मा उर्फ संजू, सभासद शगुन मित्तल एडवोकेट, प्रमोद गोयल, प्रदीप गोयल, अमित कुमार और धर्मवीर कश्यप आदि ने एसपी व अन्य अतिथियों का सम्मान किया। इस अवसर पर विजयदशमी पर्व के आयोजन और धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने में रामलीला कमेटी के योगदान की सराहना की गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति एवं सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दशहरा उत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार और किलागेट चौकी प्रभारी राजकुमार बघेल स्वयं सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। सुरक्षा-व्यवस्था में महिला पुलिसकर्मी भी मुस्तैदी से ड्यूटी करती नजर आई।
