Haryana Roadways News: टायरों की कमी से जूझ रही हरियाणा रोड़वेज की सैकड़ों बसें, कर्मचारियों ने आंदोलन की दी चेतावनी

रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करे सरकार: हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन

Published On

सरसा । हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सरसा डिपो की मीटिंग प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें यूनियन के तमाम पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे। कर्मचारी नेता ने कहा कि सरकार जनता की सुविधा की तरफ ध्यान न देकर केवल अपने पूंजीपति सहयोगियों को फायदा पहुंचाने का कार्य कर रही है।

सरकार किलोमीटर स्कीम के मालिकों को कोरोनाकाल का 50 करोड़ का भुगतान कर सकती है, लेकिन बसों को चलाने के लिए टायर नहीं खरीद सकती। पृथ्वी चाहर ने कहा कि टायरों की कमी के कारण पूरे हरियाणा में प्रतिदिन सैकड़ों बसें खड़ी रह जाती हैं, जबकि बीती 16 जून को यूनियन के साथ बातचीत में कई मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन धरातल पर कोई भी मांग लागू नहीं हो पाई। ऊपर से दिवाली का त्योहार नजदीक है और टायरों की कमी के कारण बसें नहीं चल पाएंगी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

चालक-परिचालकों को पिछले 12 साल से बोनस का भुगतान भी नहीं किया गया है और ऊपर से हिट एंड रन, रोड सेफ्टी बिल, लेबर कोड जैसे कानून लाकर कर्मचारियों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन सरकार से मांग करती है कि रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करे, अन्यथा कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर होगा। मीटिंग में सचिव सतपाल सिंह रानियां, कोषाध्यक्ष कृष्ण माचरा, उपप्रधान संतलाल बिश्नोई, सहसचिव कुंदन चोयल, ऑडिटर रोहताश झोरड़, वरिष्ठ उपप्रधान धर्म सिंह सहारण, उपप्रधान अनूप जाखड़, मुख्य सलाहकार जयदेव निरीक्षक, सलाहकार सुखजीत सिवाच सहित अनेक रोडवेज कर्मचारी मौजूद थे। 

 

About The Author

Related Posts