गांव कैलरम की फुटबॉल नर्सरी में बेटियों की उड़ान, 60 से अधिक लड़कियां ले रहीं प्रशिक्षण

गांव कैलरम की फुटबॉल नर्सरी में बेटियों की उड़ान, 60 से अधिक लड़कियां ले रहीं प्रशिक्षण

Published On

कैथल, सच कहूँ/कुलदीप नैन। Kaithal News: ग्रामीण क्षेत्र में बेटियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में गांव कैलरम की फुटबॉल खेल नर्सरी मिसाल बन रही है। यहां लड़कों के साथ लड़कियां भी मैदान में पसीना बहाकर फुटबॉल में अपना भविष्य संवार रही हैं। खास बात यह है कि इस नर्सरी में 60 से 65 लड़कियां और 20 से 30 लड़के नियमित रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। नर्सरी के संचालन में गांव के लोगों और स्कूल प्रबंधन का भी सहयोग मिल रहा है। सरपंच नरेश ने हाल ही में खिलाड़ियों के लिए दो फुटबॉल उपलब्ध करवाए हैं।

नर्सरी की प्रशिक्षक ज्योति, जो गांव मानस की रहने वाली हैं, 8 अगस्त 2025 से कैलरम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके मार्गदर्शन में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। नर्सरी की उपलब्धियों की बात करें तो जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग की टीमों ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-19 वर्ग की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। 

ग्रामीण व स्कूल प्रबंधन खिलाड़ियों को दे रहे पूरा सहयोग: ज्योति 

ग्रामीण परिवेश में जहां कई बार लड़कियों को खेलों में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते, वहीं कैलरम की यह नर्सरी सामाजिक सोच में बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है। यहां लड़के और लड़कियां दोनों सुबह और शाम एक साथ अभ्यास करते हैं। प्रशिक्षक ज्योति ने बताया कि गांव के लोग और स्कूल प्रबंधन खिलाड़ियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं। उनका प्रयास है कि गांव की अधिक से अधिक लड़कियां खेलों से जुड़ें और अपने भविष्य का निर्माण करें।

स्कूल से नेशनल तक खेल चुकी है लड़कियां

19 से 21 नवंबर तक आयोजित सांसद खेल महोत्सव में नर्सरी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और दूसरा स्थान हासिल किया। यहां प्रशिक्षण लेने वाली खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। प्रशिक्षक ज्योति के अनुसार, उनसे पहले प्रशिक्षण लेने वाली मनजीत और कोमल स्कूल नेशनल खेल चुकी हैं, जबकि कविता ने गोवा में आयोजित स्लम सॉकर नेशनल प्रतियोगिता में भाग लिया है।

रोजाना पांच घंटे होता है अभ्यास

खिलाड़ियों को सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक और शाम 4 से 7 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाता है। अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों को वार्मअप, रनिंग, ड्रिबलिंग, पासिंग, शूटिंग और अन्य फुटबॉल तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है। नर्सरी में खिलाड़ियों की संख्या और उपलब्धियों के बावजूद कुछ समस्याएं भी हैं। खेल प्रशिक्षक ज्योति के अनुसार, सुबह 5:30 बजे अभ्यास शुरू होने के कारण मैदान में पर्याप्त रोशनी नहीं होती, जिससे खिलाड़ियों को असहजता महसूस होती है। यदि मैदान में उचित लाइटिंग और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं तो खिलाड़ी अधिक सुरक्षित माहौल में अभ्यास कर सकेंगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts