शिक्षा और रोजगार
Students Educational Visit: किताबी ज्ञान से आगे बढ़े विद्यार्थी, विश्वविद्यालय पहुंचकर समझे करियर के नए अवसर
रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप की संभावनाओं से हुए रूबरू
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में शनिवार को टाउन के डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। विश्वविद्यालय पहुंचने पर एनएसएस की छात्राओं ने तिलक लगाकर विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर वहां संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में शैक्षणिक भ्रमण का विशेष महत्व है। इससे किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव मिलता है।
साथ ही उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों को समझने और भविष्य के लक्ष्य निर्धारित करने का मौका मिलता है। विद्यार्थी जीवन में सही दिशा और लक्ष्य का निर्धारण सफलता की पहली सीढ़ी है। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध करवाना है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। वर्तमान समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास भी बेहद जरूरी है।
विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी निदेशक प्रो. डॉ. अवधेश शर्मा ने विद्यार्थियों को रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नौकरी के साथ स्वयं का रोजगार स्थापित करने और उद्यमिता के क्षेत्र में भी भविष्य बना सकते हैं। सरकार की ओर से स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र नवाचार आधारित व्यावसायिक विचारों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार 15 लाख रुपए तक की सहायता मिल सकती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. डॉ. विक्रम सिंह औलख ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, विषयों एवं करियर के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को रुचि एवं योग्यता के अनुसार विषय चयन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक, रेलवे, भारतीय सेना, बीएसएफ एवं पुलिस विभाग में सेवाएं देने की अपनी इच्छा भी जाहिर की। इस मौके पर डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल की ओर से लक्ष्मी, कपिल, मयंक सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
Comments