Jobner University News: जोबनेर विश्वविद्यालय में पाँच दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन
फतेहपुर लगातार दूसरी बार बना ओवरऑल चैंपियन
जोबनेर (सच कहूँ/गुरजंट धालीवाल)। श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर में आयोजित पाँच दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता-2026 का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहे। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. पी.एस. चौहान ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व निदेशक डॉ. संग्राम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
फतेहपुर ने लगातार दूसरी बार जीती जनरल चैंपियनशिप
प्रतियोगिता में कृषि महाविद्यालय, फतेहपुर ने लगातार दूसरी बार जनरल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि श्री कर्ण नरेंद्र कृषि महाविद्यालय, जोबनेर उपविजेता रहा। कृषि महाविद्यालय, भुसावर को इमर्जिंग टीम का खिताब प्रदान किया गया। विशेष उपलब्धि यह रही कि कृषि महाविद्यालय, फतेहपुर के पास बास्केटबॉल का मैदान उपलब्ध नहीं होने के बावजूद टीम ने लगातार दूसरी बार पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता का खिताब जीतकर अपनी खेल प्रतिभा और जज्बे का परिचय दिया। कृषि महाविद्यालय, जोबनेर के अनिल कुमार को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट तथा कृषि महाविद्यालय, पीतमपुरी की कोमल चौधरी को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट घोषित किया गया।
खेलों से मजबूत होगा युवाओं का आत्मविश्वास : राठौड़
मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करना चाहिए तथा कमजोरियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया अभियान का उल्लेख करते हुए खेलों को स्वस्थ जीवनशैली और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने खेल मैदानों एवं सुविधाओं के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही बताया कि विश्वविद्यालय भी एक करोड़ रुपये की राशि जुटाने के प्रयास करे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ सवाल-जवाब कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
विश्वविद्यालय के प्रत्येक महाविद्यालय को मिलेंगे पांच लाख रुपये
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु डॉ. पी.एस. चौहान ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आईसीएआर-जेआरएफ उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने खेल गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के प्रत्येक महाविद्यालय को पांच लाख रुपये का फंड उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा शिक्षा के साथ खेलों में भी अनुशासन और नियमित अभ्यास जरूरी है।
स्टार्टअप की जानकारी ली, केंद्रों का किया शिलान्यास
मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने साबी में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्टार्टअप एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती वितरण केंद्र एवं जैव-इनपुट उत्पादन केंद्र का शिलान्यास किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. संग्राम सिंह ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एन.के. गुप्ता ने पांच दिवसीय प्रतियोगिताओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा अधिष्ठाता एवं संकाय अध्यक्ष डॉ. एल.आर. यादव ने स्वागत उद्बोधन दिया। कृषि महाविद्यालय, फतेहपुर के अधिष्ठाता डॉ. हरफूल सिंह ने कहा कि स्टाफ एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की बदौलत महाविद्यालय ने लगातार दूसरी बार जनरल चैंपियनशिप जीतकर गौरव हासिल किया है।
खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम
टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में जोबनेर तथा महिला वर्ग में कुम्हेर विजेता रहे। बैडमिंटन पुरुष वर्ग में जोबनेर तथा महिला वर्ग में डेयरी प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, जोबनेर विजेता रहा। फुटबॉल में जोबनेर, बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में फतेहपुर तथा महिला वर्ग में जोबनेर विजेता रहे। कबड्डी पुरुष वर्ग में जोबनेर तथा महिला वर्ग में कोटपूतली ने खिताब जीता। वॉलीबॉल के पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में फतेहपुर की टीम विजेता रही।
साहित्यिक एवं ललित कला में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
वाद-विवाद में फतेहपुर के अक्षय झाझड़िया एवं दीपांशी भूरिया, भाषण एवं कविता-पाठ में पीतमपुरी की ज्योति गढ़वाल, आशुभाषण में कुम्हेर के मनीष सिंह तथा निबंध लेखन में जोबनेर के आर्यन जैन प्रथम रहे। ललित कला प्रतियोगिताओं में कोलाज में कुम्हेर के दीपक कुंतल, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग एवं कार्टूनिंग में दुर्गापुरा की अंकिता तंवर, पोस्टर मेकिंग में जोबनेर की नीतू कुमावत, क्ले मॉडलिंग में जोबनेर की मोनिका सैनी तथा रंगोली में जोबनेर की साक्षी प्रथम रहीं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में जोबनेर का उत्कृष्ट प्रदर्शन
एकल गायन में जोबनेर की प्राची सोनी, समूह देशभक्ति गीत में जोबनेर की टीम तथा समूह नृत्य में जोबनेर की टीम विजेता रही। एकल नृत्य में फतेहपुर की हिमानी कंवर एवं कुम्हेर की उषा शर्मा संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। मूक अभिनय एवं एकांकी नाटक में कुम्हेर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोनो एक्टिंग में जोबनेर की स्नेहा बरमन विजेता रहीं। डॉ. किरण व डॉ. बसंत बिच्छर ने धन्यवाद ज्ञापित किया साथ संबंधित कार्यक्रम की घोषणा की तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ ओ पी गढ़वाल व डॉ हिना ने किया।
Comments