Patwari Assault Case: पटवारी देवीलाल मारपीट प्रकरण में दोषी पुलिस अधिकारियों पर होगी विभागीय कार्रवाई

बीकानेर रेंज आईजी ने पटवार संघ के प्रतिनिधिमंडल को दिया आश्वासन

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। पटवारी देवीलाल के साथ मारपीट एवं अवैध हिरासत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को राजस्थान पटवार संघ बीकानेर संभाग के चारों जिलों के पदाधिकारियों ने महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज से मुलाकात की। इस दौरान आईजी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रकरण में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि 22 अक्टूबर 2026 को तहसील पीलीबंगा में पदस्थापित पटवारी देवीलाल के साथ सूरतगढ़ सिटी थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों की ओर से कथित मारपीट और अवैध हिरासत का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर पटवार संघ लगातार आंदोलन कर रहा है। पटवारी एक नवम्बर से काली पट्टी बांधकर राजकीय कार्य कर रहे हैं। वहीं 23 नवम्बर को हनुमानगढ़ जिले की सभी तहसीलों एवं उपखंड कार्यालयों पर धरना देकर विरोध जताया गया था।

शुक्रवार को बीकानेर आईजी कार्यालय परिसर में भी पटवारियों ने धरना देकर ज्ञापन सौंपा था। आईजी से हुई बैठक में श्रीगंगानगर से सतवीर बराड़, रामजीलाल सेन एवं प्रदीप बिश्नोई, चूरू से रतीराम जाखड़, बीकानेर से भवानी सिंह एवं मोनिका तथा भू-प्रबंधन विभाग से सिरदाराम एवं भवानी सिंह शामिल हुए। हनुमानगढ़ से उपशाखा पीलीबंगा अध्यक्ष मुरली गोदारा और उपशाखा भादरा अध्यक्ष बंसीलाल ने प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा चारों जिलों की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं पटवारी साथी मौजूद रहे। पटवार संघ ने उम्मीद जताई कि आईजी की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुरूप मामले में शीघ्र विभागीय कार्रवाई होगी और पटवारी देवीलाल को न्याय मिलेगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts