Rajasthan Election Results: राजस्थान पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव परिणाम को लेकर ताजा अपडेट

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, 37 में से 20 जिला परिषदों में मिला बहुमत

Published On

जयपुर (गुरजंट सिंह धालीवाल)। राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों के नतीजों में कांग्रेस बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 263, भाजपा को 67 और अन्य को 60 में बढ़त है, जबकि 14 में किसी दल को बहुमत नहीं है। वहीं, जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस ने कुल 37 जिला परिषदों में जयपुर समेत 20 जगह बहुमत मिला है, 5 जगह बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा शुरूआती बढ़त के बाद पिछड़ गई। जानकारी के अनुसार केवल 5 जिला परिषदों में ही उसे बहुमत मिल सका था। पार्टी 3 जिलों में आगे चल रही थी। जयपुर जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति चुनाव में बीजेपी को करारी हार मिली। जिला परिषद के 57 वार्ड में से भाजपा को केवल 12 सीट पर जीत मिली। वहीं, कांग्रेस ने 41 सीट पर जीत हासिल की। आरएलपी को 2 सीट मिली। जयपुर जिला प्रमुख रमा चोपड़ा और उप जिला प्रमुख मोहन डागर भी चुनाव हार गए।

वहीं, जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में भी भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। कांग्रेस को 14 सीट फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तुंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल, आंधी में बहुमत हासिल किया है। बीजेपी केवल 2 सीट सांभरलेक और चौमूं में जीती। आरएलपी एक सीट सांगानेर में अपना बोर्ड बनाएगी। 5 पंचायत समितियों अमरसर,जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबरी, दूदू में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। जोधपुर की 23 पंचायत समितियों में से 14 में कांग्रेस को बहुमत है। भाजपा को किसी भी पंचायत समिति में बहुमत नहीं मिला है। 3 में आरएलपी ने जीत दर्ज की। 6 में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है।

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी, बेटे दुर्गा सिंह खर्रा और अजय सिंह चुनाव हार गए। खर्रा के छोटे भाई की पत्नी प्रतिमा खर्रा भी चुनाव हार गर्इं। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड-23 से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। कठूमर के विधायक रमेश खींची की दो बहुएं दीपिका और बिंदू चुनाव हार गई हैं। दौसा जिले के सिकंदरा पंचायत समिति के वार्ड-13 में आईएएस सुमेर सिंह गुर्जर की पत्नी पिंकी गुर्जर चुनाव हार गई।

नागौर में सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी को बहुमत मिला। यहां 37 वार्डों में से आरएलपी ने सबसे ज्यादा 19 सीटों पर जीत दर्ज की। सलूंबर, डूंगरपुर, बालोतरा में किसी को बहुमत नहीं मिला है। 

जिप के 614 वार्डों में कांग्रेस की जीत 

37 जिला परिषदों के 1275 जिला परिषद सदस्यों के हुए चुनाव में से समाचार लिखे जाने तक घोषित 999 सीटों के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने 614, भारतीय जनता पार्टी ने 304 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीएपी को 22, बीएसपी को छह, सीपीआईएम छह, आरएलपी ने 37 तथा निर्दलीय 10 सीटों पर विजयी रहे। इसी तरह 7543 पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए चुनाव में घोषित 7366 रिजल्ट में से कांग्रेस ने 3691, भाजपा ने 2166, आरएलपी ने 496, बीएपी ने 276, बीएसपी ने 60, सीपीआईएम ने 50 तथा 625 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

पंस के 7543 वार्डों में से 3705 में कांग्रेस विजयी

प्रदेश की 419 पंचायत समितियों के 7543 पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान में से कांग्रेस ने 3705, भाजपा ने 2183, आएलपी ने 496, बीएपी ने 276, बीएसपी ने 60, सीपीआईएम ने 50 तथा 627 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts