टावर मोर्चा: पुलिस ने टावर के नीचे बैठे अप्रेंटिस युवाओं को हिरासत में लिया

प्रदर्शनकारियों के टेंट आदि उखाड़े, धरना समाप्त करवाया

Published On

पटियाला, सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर। Patiala News: 2600 अप्रेंटिस लाइनमैन यूनियन के युवा, जो गांव भेडपुरा में टावर के नीचे धरना-प्रदर्शन कर रहे थे, उन्हें भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके टेंट आदि उखाड़कर नीचे से धरना भी समाप्त करवा दिया। वहीं, इसी दौरान टावर पर चढ़े युवाओं को भी पुलिस ने नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वे और ऊपर चढ़ने लगे। टावर पर पांच युवक चढ़े हुए हैं, जबकि मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उल्लेखनीय है कि 2600 अप्रेंटिस युवाओं ने चार दिन पहले पटियाला से दूर गांव भेडपुरा में टावर पर चढ़कर संघर्ष शुरू किया था।

संगठन का आरोप था कि पावरकॉम प्रबंधन जानबूझकर उनकी ज्वाइनिंग रोक रहा है। संगठन की ओर से बीबीएम से संबंधित युवाओं के माध्यम से हाईकोर्ट में रिट भी दायर करवाई गई है। संगठन के सदस्य टावर के ऊपर और नीचे ठंड के मौसम में रातें गुजार रहे थे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने टावर के नीचे बैठे युवाओं को हिरासत में ले लिया। इनमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, फतेह सिंह सहित अन्य नेता भी शामिल हैं। जब पुलिस ने टावर पर चढ़े युवाओं को नीचे उतारने का प्रयास किया तो वे और ऊपर चढ़ने लगे।

टावर के ऊपर हाई वोल्टेज तारें होने के कारण कोई अनहोनी होने की आशंका थी। इसके बाद पुलिस नीचे उतर आई। टावर पर पांच युवक अभी भी चढ़े हुए हैं, जो लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर 2600 अप्रेंटिस युवाओं ने आरोप लगाया कि एक युवक टावर से नीचे गिर गया, जिससे उसकी गर्दन पर चोट आई है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवाओं को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts