Punjab Vidhan Sabha Chunav: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पुलिस ने अभी से कसी ‘कमर’
नशे, हथियारों और गैंगस्टरों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बैठक
चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। Chandigarh News: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से करवाने के लिए पंजाब पुलिस ने अभी से सुरक्षा तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी के तहत पंजाब पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाब सहित छह राज्यों और केन्द्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में नशे, अवैध हथियारों, अवैध शराब और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए संयुक्त रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण कुमार सिन्हा और पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने संयुक्त रूप से की। यह बैठक डीजीपी पंजाब गौरव यादव की ओर से आयोजित की गई। इस दौरान चुनाव के समय कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा बीएसएफ, सीआरपीएफ, आरपीएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, पंजाब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और आबकारी विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
नशे और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए चलेंगे संयुक्त ऑपरेशन
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों के माध्यम से नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तस्करी रोकने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों ने सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने, ड्रोन के माध्यम से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त आॅपरेशन चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Comments