Kaithal 3 Youths Death: कैथल में दर्दनाक हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत
परिजनों ने चालक पर जानबूझकर कार टकराने का लगाया आरोप, कार चालक पर हत्या का केस दर्ज
Kaithal Car Accident: कैथल, (सच कहूँ /कुलदीप नैन)। हरियाणा में कैथल जिले में पाई-सिसमौर गाँवों के बीच नहर पुल पर हुए सड़क हादसे में तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। मृतकों की पहचान गांव करोड़ा निवासी नवदीप (19), प्रदीप (27) और अजय (22) के रूप में हुई है। शुरूआत में हादसे की वजह सामने से आ रही गाड़ी की तेज रोशनी बताई गई थी, लेकिन बाद में मृतकों के परिजनों ने कार चालक नरेंद्र पर जानबूझकर कार पुल से टकराने का आरोप लगाते हुए हत्या का केस दर्ज करवाया।
गांव करोड़ा निवासी रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे नरेंद्र कुमार महाबीर की टाटा अल्ट्रोज कार लेकर कैथल जा रहे थे। कार में प्रदीप, नवदीप, अजय और साहिल सहित अन्य युवक सवार थे। रात करीब एक बजे रामनिवास को सूचना मिली कि नरेंद्र रास्ते में कार रोककर दोस्तों से झगड़ा कर रहा है। वह अपने दोस्त गौरव और अर्जुन के साथ मोटरसाइकिल पर मौके पर पहुंचा। वहां नरेंद्र दोस्तों के साथ झगड़ता मिला।
समझाने के बाद नरेंद्र सभी को कार में बैठाकर तेज रफ्तार से कैथल की तरफ चल पड़ा। रामनिवास के अनुसार, नरेंद्र ने पाई-सिसमौर के बीच नहर पुल पर कार की रफ्तार तेज रखते हुए उसे पुल की बाईं तरफ टकरा दिया। टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी युवक घायल हो गए। कार को टकराते देख रामनिवास की मोटरसाइकिल का संतुलन भी बिगड़ गया, जिससे वह गौरव और अर्जुन के साथ गिरकर घायल हो गया। उसने डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सभी को नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप, नवदीप और अजय को मृत घोषित कर दिया। साहिल की जांघ की हड्डी टूट गई और उसे कैथल के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं अर्जुन की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है और उसका नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। कार चला रहे नरेंद्र के मुंह और बाजू पर चोटें आई हैं। तितरम थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर नरेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।सात साल पहले हुई थी प्रदीप की शादी
मृतकों में दो युवक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक की तरफ का एयरबैग भी खुल गया। इसके बावजूद तीन युवकों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में जान गंवाने वाले 27 वर्षीय प्रदीप की करीब सात साल पहले शादी हुई थी। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं 19 वर्षीय नवदीप और 22 वर्षीय अजय अभी अविवाहित थे। परिवार के लिए यह हादसा किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।
Comments