Rewari Family Death: रेवाड़ी में चनों से भरा ट्रक कार पर पलटने से एक ही परिवार के 4 लोगों की छिन गई जिंदगी
कार में सवार होकर दिल्ली लौट रहा था राजस्थान का परिवार
Rewari Car-Truck Accident: रेवाड़ी (सच कहूँ/एजेंसी)। हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। बावल के बनीपुर चौक के पास फ्लाईओवर पर चने से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। भारी ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई, जबकि पांच साल का मासूम बच्चा घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के बानपुर स्थित आलू वाली भोलावास गांव का रहने वाला दीपक अपने परिवार के साथ दिल्ली के द्वारका में रहता था। कुछ समय पहले परिवार अपने पैतृक गांव आया हुआ था। शनिवार को सभी लोग कार से वापस दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 11:30 बजे जब उनकी कार दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर बावल के बनीपुर चौक के नजदीक फ्लाईओवर के पास पहुंची, तभी चने से भरा एक ट्रक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे कार पर जा गिरा। ट्रक का भारी वजन पड़ने से कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच वर्षीय बच्चा घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Comments